
मुंबई : (Mumbai) महाराष्ट्र के सतारा जिले में फलटन तहसील (Phaltan tehsil, Satara district, Maharashtra) के खामगांव में बुधवार को सुबह बिजली का करंट लगने से एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत हो गई।
इस घटना की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि खामगांव में एक वायर टूट कर मेन वायर पर गिर गया और उस टूटे हुए वायर में बिजली का करंट प्रवाहित होने लगा। इसी वायर को एक के बाद एक छूने से सतीश किसान शिंदे (45), उनकी पत्नी गंगू शिंदे (42) और उनके बच्चों सचिन और आरती की मौत हो गई। चारों एक ही परिवार के हैं, इसलिए गांव में शोक की लहर फैल गई है। पुलिस टीम ने चारों शव बरामद कर पोस्ट मार्टम के लिए भेज दिया है।
सतारा के पुलिस अधीक्षक निखिल पिंगले (Satara Superintendent of Police Nikhil Pingale) ने कहा कि शुरुआती जांच से पता चलता है कि एक केबल टूट गई और ऊपर से गुजऱ रही बिजली की लाइन के संपर्क में आने से उसमें करंट आ गया। परिवार का एक सदस्य इस केबल के संपर्क में आया और उसे बिजली का झटका लगा। बाकी लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की और उन्हें भी बिजली का झटका लगा। फिलहाल मामले की हर ऐंगल से जांच जारी है।
