
वॉशिंगटन : (Washington) अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (US President Donald Trump) ने ईरान को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि उनकी हत्या की कोशिश की जाती है, तो अमेरिका इसका सख्त जवाब देगा। ट्रंप ने यह बयान अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ (Truth Social) पर जारी एक पोस्ट में दिया।
रूस की अंतरराष्ट्रीय टीवी नेटवर्क रूस टुडे (Russia Today) (RT) के मुताबिक ट्रंप ने दावा किया कि यदि ईरान उनकी हत्या या हत्या के प्रयास जैसी किसी कार्रवाई को अंजाम देता है, तो अमेरिकी सेना को पहले से ही आवश्यक निर्देश दिए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि अमेरिका ऐसी किसी भी स्थिति में निर्णायक सैन्य कार्रवाई करने के लिए तैयार है।
ट्रंप ने शुक्रवार को ‘ट्रुथ सोशल’ पर लिखा कि “इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ़ ईरान पर 1000 मिसाइलें लॉक और लोड करके तैनात की गई हैं और हज़ारों और मिसाइलें तुरंत दागी जा सकती हैं, अगर ईरानी सरकार दुनिया भर में कई जगहों पर दी गई अपनी उस धमकी पर अमल करती है जिसमें अमेरिका के मौजूदा राष्ट्रपति – यानी मैं! – की हत्या या हत्या की कोशिश करने की बात कही गई है।” हालांकि, उन्होंने अपने दावों के समर्थन में कोई सबूत पेश नहीं किया।
इस बीच, ईरानी अधिकारियों की ओर से ट्रंप की हत्या की किसी आधिकारिक धमकी की पुष्टि नहीं की गई है। हालांकि, हाल के दिनों में ईरान में आयोजित कुछ सार्वजनिक कार्यक्रमों के दौरान ट्रंप विरोधी नारे और पोस्टर देखे जाने की मीडिया रिपोर्टें सामने आई हैं।
एक रिपोर्ट के अनुसार, इज़राइल ने अमेरिका को ट्रंप के खिलाफ कथित संभावित खतरे को लेकर आगाह किया था। हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक तौर पर कोई विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।
गौरतलब है कि, हाल के दिनों में अमेरिका और ईरान के बीच तनाव लगातार बढ़ा है। क्षेत्रीय सुरक्षा, समुद्री मार्गों की सुरक्षा और सैन्य गतिविधियों को लेकर दोनों देशों के बीच बयानबाज़ी भी तेज़ हो गई है।
दूसरी ओर, अमेरिका और इज़राइल (US and Israel) ने अपने बमबारी अभियान के दौरान ईरान के दर्जनों वरिष्ठ अधिकारियों और सैन्य कमांडरों को मार गिराया, जिनमें देश के लंबे समय से सर्वोच्च नेता रहे अली खामेनेई (Ali Khamenei) भी शामिल थे, जो 28 फरवरी को तेहरान में अपने परिसर पर हुए एक लक्षित हमले में मारे गए थे।
