
नई दिल्ली : (New Delhi) भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम (Indian Junior Women’s Hockey Team) ने जूनियर एशिया कप 2026 की तैयारियों के तहत अपना सफल ब्रिटेन दौरा समाप्त कर लिया है। टीम ने इस दौरे में स्कॉटलैंड सीनियर महिला टीम, अमेरिका अंडर-21, इंग्लैंड अंडर-21 और बेल्जियम अंडर-21 के खिलाफ कुल सात मुकाबले खेले। इस दौरे ने युवा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर का महत्वपूर्ण अनुभव प्रदान किया।
भारतीय टीम ने सात मैचों में तीन जीत दर्ज कीं, तीन मुकाबलों में हार का सामना किया, जबकि एक मैच शूटआउट में गंवाया। पूरे दौरे में टीम ने जुझारूपन, आक्रामक खेल और लगातार बेहतर प्रदर्शन का परिचय दिया। दौरे की शुरुआत एडिनबर्ग में स्कॉटलैंड सीनियर महिला टीम के खिलाफ दो मुकाबलों से हुई। पहले मैच में भारत को 2-3 से हार मिली। भारत की ओर से सुखवीर कौर और काजल ने गोल किए, जबकि स्कॉटलैंड के लिए एमी कॉस्टेलो, ज़ारा कैनेडी और हीदर मैकइवान (Amy Costello, Zara Kennedy, and Heather McEwan) ने गोल दागे।
दूसरे मुकाबले में स्कॉटलैंड ने भारत को 3-1 से हराया। भारत की ओर से शशि खासा ने एकमात्र गोल किया, जबकि स्कॉटलैंड के लिए ब्रोनविन शील्ड्स, ज़ारा कैनेडी और चार्लोट वॉटसन ने गोल किए। इसके बाद भारतीय टीम ने शानदार वापसी करते हुए अमेरिका अंडर-21 को 6-0 से करारी शिकस्त दी। सुखवीर कौर ने दो गोल किए, जबकि काजल, शशि खासा, पूर्णिमा यादव और पूजा साहू ने एक-एक गोल दागा। भारत ने अपनी लय बरकरार रखते हुए इंग्लैंड अंडर-21 को 2-0 से हराया। बिनिमा धन और रोशनी ऐंद ने भारत के लिए गोल किए।
पांचवें मुकाबले में अमेरिका अंडर-21 के खिलाफ मैच 1-1 से बराबरी पर समाप्त हुआ। भारत के लिए पूजा साहू ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल किया, जबकि अमेरिका की रीस एनेट्सबर्गर ने पेनल्टी स्ट्रोक पर बराबरी दिलाई। इसके बाद शूटआउट में अमेरिका ने 3-2 से जीत दर्ज की। भारत की ओर से शशि खासा और गीता यादव ने शूटआउट में गोल किए।
छठे मुकाबले में भारत ने एक बार फिर इंग्लैंड अंडर-21 को 2-0 से हराया। कृष्णा शर्मा और पूर्णिमा यादव (Krishna Sharma and Purnima Yadav) ने फील्ड गोल कर टीम को जीत दिलाई। अपने अंतिम मुकाबले में भारत को बेल्जियम अंडर-21 के खिलाफ 1-2 से हार का सामना करना पड़ा। बेल्जियम के लिए लुईस वान हेरेन्डेल और रोमानी वेरहेगे ने गोल किए, जबकि भारत की ओर से सुखवीर कौर ने अंतिम मिनटों में एक गोल किया।
दौरे के समापन पर टीम की कप्तान शिलिमा चानू खैदेम (team captain Shilima Chanu Khaidem) ने बुधवार को हॉकी इंडिया के हवाले से कहा, “यह दौरा हम सभी के लिए शानदार सीख लेकर आया है। अलग-अलग शैली की मजबूत अंतरराष्ट्रीय टीमों के खिलाफ खेलने से हमें हर मैच में खुद को बेहतर बनाने का मौका मिला। कठिन परिणामों के बाद जिस तरह हमने वापसी की, उससे टीम का आत्मविश्वास बढ़ा है। इन मुकाबलों से हमें अपनी मजबूत और कमजोर दोनों पक्षों का पता चला। अब हमारा पूरा ध्यान चीन में होने वाले महिला जूनियर एशिया कप की तैयारियों पर है। यहां मिला अनुभव हमारे लिए आगे बेहद उपयोगी साबित होगा।”
