
मुंबई : (Mumbai) साउथ भारतीय सुपरस्टार प्रभास (South Indian superstar Prabhas) की बहुप्रतीक्षित पैन-इंडिया फिल्म ‘फौजी’ का पहला लुक और रिलीज डेट जारी कर दी गई है। ऐतिहासिक एक्शन-ड्रामा पर आधारित इस फिल्म का निर्देशन हनु राघवपुडी ने किया है। निर्माताओं ने पोस्टर के साथ प्रभास के दमदार अवतार की पहली झलक शेयर करते हुए घोषणा की कि फिल्म 3 दिसंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
जारी किए गए पोस्टर में प्रभास सफेद धोती पहने, खून से लथपथ और हाथ में बंदूक लिए लाशों के बीच बैठे नजर आ रहे हैं। उनका यह गंभीर और आक्रामक लुक फिल्म के युद्ध और संघर्ष से भरपूर कथानक की झलक देता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म में प्रभास ब्रिटिश सेना में कार्यरत एक भारतीय सैनिक की भूमिका निभाते दिखाई देंगे।
मैत्री मूवी मेकर्स (Produced under the banner of Maitri Movie Makers) के बैनर तले बनी इस फिल्म से सोशल मीडिया सेंसेशन इमानवी इस्माइल अभिनय की दुनिया में कदम रख रही हैं। फिल्म में दिग्गज अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती, जया प्रदा और अनुपम खेर भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे, जिससे इसकी स्टारकास्ट और मजबूत हो गई है।
‘फौजी’ को वर्ष 2026 की सबसे चर्चित पैन-इंडिया फिल्मों में माना जा रहा है। ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, बड़े पैमाने का निर्माण और प्रभास के दमदार एक्शन अवतार के चलते फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच पहले से ही जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।
