
लखनऊ : (Lucknow) सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर (Om Prakash Rajbhar, National President of the Suheldev Bharatiya Samaj Party) ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है। सोशल मीडिया पर जारी बयान में उन्होंने कहा कि सपा का पीडीए का नारा पूरी तरह विफल हो चुका है, लेकिन इसके बावजूद पार्टी नए-नए राजनीतिक प्रयोग कर रही है।
राजभर ने आरोप लगाया कि सपा नेतृत्व जंतर-मंतर (Jantar Mantar) पर चल रहे आंदोलनों से दूरी बनाए हुए है और केवल सोशल मीडिया की राजनीति कर रहा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जनता सब कुछ देख रही है और केवल नारों से अब चुनाव नहीं जीते जा सकते।
जातीय ध्रुवीकरण की फिराक में सपा
सुभासपा प्रमुख ने बिना किसी साक्ष्य का उल्लेख किए यह भी आरोप लगाया कि अखिलेश यादव चुनावी रणनीति के लिए एक विदेशी कंपनी की सेवाएं ले रहे हैं, जिसका उद्देश्य जातीय ध्रुवीकरण कराना है। उन्होंने कहा कि ऐसी रणनीतियों से 2027 का चुनाव नहीं जीता जा सकता।
राजभर ने अपने बयान के अंत में अखिलेश यादव को सलाह देते हुए कहा कि विदेशी रणनीतियों के बजाय जनता के बीच काम करने पर ध्यान देना चाहिए, क्योंकि चुनाव धनबल या प्रचार से नहीं, बल्कि जनसमर्थन से जीते जाते हैं।
