
मुंबई : (Mumbai) राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) की महाराष्ट्र प्रदेश महिला विंग की अध्यक्ष रोहिणी खडसे (Rohini Khadse) ने अंत्योदय राशन कार्डधारक महिलाओं के लिए संचालित मुफ्त साड़ी योजना बंद किए जाने पर राज्य सरकार की आलोचना की है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार कमजोर वर्ग की महिलाओं से जुड़े कल्याणकारी निर्णयों से पीछे हट रही है। रोहिणी खडसे ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे (Chief Minister Devendra Fadnavis and Deputy Chief Minister Eknath Shinde) पर निशाना साधते हुए कहा, “2100 और 1500 रुपये की घोषणाएं भूल गए, क्या आप अपनी लाडली बहनों को एक साड़ी भी नहीं दे सकते?” उन्होंने कहा कि सरकार का यह फैसला महिलाओं की अपेक्षाओं के विपरीत है।
चुनावी वादों से मुकरने का लगाया आरोप
राकांपा नेता ने आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन (ruling Mahayuti alliance) ने विधानसभा चुनाव के दौरान महिलाओं के लिए कई कल्याणकारी योजनाओं और आर्थिक सहायता की घोषणाएं की थीं, लेकिन सत्ता में आने के बाद वित्तीय संकट का हवाला देकर एक-एक कर उन वादों से पीछे हट रही है। रोहिणी खडसे ने कहा कि कमजोर और जरूरतमंद महिलाओं के लिए चलाई जा रही योजनाओं को बंद करना उचित नहीं है। उन्होंने सरकार से इस निर्णय पर पुनर्विचार करने और महिलाओं से किए गए वादों को पूरा करने की मांग की।
