
नई दिल्ली : (New Delhi) संसद के मानसून सत्र (Parliament’s monsoon session) के पहले दिन आज लोकसभा और राज्यसभा में विपक्ष ने नीट-यूजी पेपर लीक (NEET-UG paper leak), अयोध्या के श्रीराम मंदिर (Shri Ram Temple in Ayodhya) चढ़ावा चोरी सहित विभिन्न मुद्दों को लेकर जोरदार हंगामा किया। शोर-शराबे के कारण दोनों सदनों की कार्यवाही शुरू होने के कुछ ही देर बाद दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी गई।
राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे (Mallikarjun Kharge) ने नीट-यूजी पेपर लीक का मुद्दा उठाते हुए कहा कि जंतर-मंतर पर अपनी मांगों को लेकर एकत्र हुए छात्रों की आवाज दबाई जा रही है और उन पर लाठीचार्ज किया गया। उन्होंने इस मामले पर सदन में चर्चा की मांग की। विपक्ष के हंगामे के बीच सभापति ने सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी।
उधर, लोकसभा में भी विपक्षी सांसदों ने नीट-यूजी पेपर लीक, अयोध्या के श्रीराम मंदिर चढ़ावा चोरी और अन्य मुद्दों पर चर्चा कराने की मांग को लेकर नारेबाजी की। कई सांसद पोस्टर और बैनर लेकर सदन में पहुंचे। लगातार हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही करीब 12 मिनट ही चल सकी, जिसके बाद लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला (Lok Sabha Speaker Om Birla) ने कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी।
उल्लेखनीय है कि संसद का मानसून सत्र (Monsoon Session of Parliament) 13 अगस्त तक चलेगा। इस दौरान कुल 19 बैठकें प्रस्तावित हैं। सरकार इस सत्र में आयकर संशोधन विधेयक, राष्ट्रीय सम्मान के अपमान की रोकथाम (संशोधन) विधेयक और उच्चतम न्यायालय (Number of Judges) संशोधन विधेयक सहित सात महत्वपूर्ण विधेयकों को पारित कराने की तैयारी में है।
