
नई दिल्ली : (New Delhi) राजधानी दिल्ली के त्यागराज स्टेडियम में सोमवार को 22वीं राष्ट्रमंडल टेबल टेनिस चैंपियनशिप (22nd Commonwealth Table Tennis Championships) का भव्य शुभारंभ हुआ। 27 जुलाई से 2 अगस्त तक चलने वाली इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में राष्ट्रमंडल के 25 देशों के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। दर्शकों के लिए प्रतियोगिता में प्रवेश पूरी तरह नि:शुल्क रखा गया है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने किया उद्घाटन
उद्घाटन समारोह में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, खेल मंत्री आशीष सूद, राष्ट्रमंडल टेबल टेनिस फेडरेशन के अध्यक्ष विवेक कोहली, टेबल टेनिस फेडरेशन ऑफ इंडिया की अध्यक्ष मेघना अहलावत (Delhi Chief Minister Rekha Gupta, Sports Minister Ashish Sood, Commonwealth Table Tennis Federation President Vivek Kohli, and Table Tennis Federation of India President Meghna Ahlawat) सहित विभिन्न देशों के प्रतिनिधि और खिलाड़ी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने आधिकारिक ट्रॉफी का अनावरण कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया और प्रतीकात्मक ‘फर्स्ट स्ट्रोक’ खेलकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।
खेलों से मजबूत होती है वैश्विक मित्रता
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Chief Minister Rekha Gupta) ने कहा कि दिल्ली के लिए इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता की मेजबानी करना गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि विभिन्न देशों और संस्कृतियों को जोड़ने का प्रभावी मंच भी हैं। ऐसे आयोजन युवाओं को अनुशासन, समर्पण और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के लिए प्रेरित करते हैं।
खेल और शिक्षा एक-दूसरे के पूरक
दिल्ली के खेल मंत्री आशीष सूद (Delhi Sports Minister Ashish Sood) ने कहा कि यह प्रतियोगिता खेल भावना के साथ-साथ विभिन्न देशों के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान और मित्रता को भी बढ़ावा देगी। उन्होंने कहा कि शिक्षा और खेल दोनों मिलकर युवाओं के व्यक्तित्व का विकास करते हैं और उन्हें नेतृत्व, टीमवर्क तथा संघर्ष जैसे जीवन मूल्यों की सीख देते हैं।
रंगारंग कार्यक्रमों ने बांधा समां
उद्घाटन समारोह में भारतीय संस्कृति की झलक प्रस्तुत करने वाले रंगारंग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। ‘परेड ऑफ नेशंस’’ (Parade of Nations) में खिलाड़ियों ने अपने-अपने राष्ट्रीय ध्वज के साथ हिस्सा लिया। ‘कलर ऑफ इंडिया’, ‘शिव तांडव’ और सितार-सिम्फनी जुगलबंदी (Colour of India’, ‘Shiva Tandav’, and a Sitar-Symphony jugalbandi) जैसी प्रस्तुतियों ने दर्शकों और विदेशी खिलाड़ियों का मन मोह लिया।
भारत समेत 25 देशों की भागीदारी
इस चैंपियनशिप में भारत के अलावा ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, कनाडा, मलेशिया, सिंगापुर, न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका, श्रीलंका, स्कॉटलैंड, वेल्स, नाइजीरिया और अन्य राष्ट्रमंडल देशों के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। एक सप्ताह तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में व्यक्तिगत और टीम स्पर्धाओं के मुकाबले खेले जाएंगे, जिन पर खेल प्रेमियों की नजरें टिकी रहेंगी।
