
टोक्यो : (Tokyo) जापान के क्यूशू द्वीप (Japan’s Kyushu Island) के कुमामोटो इलाके में मंगलवार को 7.1 तीव्रता का भूकंप आया। इसमें कई लोगों के घायल होने की आशंका है। भूकंप के बाद सुनामी की चेतावनी जारी की गयी है।
जापान मौसम विज्ञान एजेंसी (जेएमए) (Japan Meteorological Agency) के अनुसार, स्थानीय समयानुसार शाम 4:27 बजे आए इस भूकंप का केंद्र कुमामोटो प्रांत में लगभग 10 किलोमीटर की गहराई पर था। जेएमए ने एक मीटर तक ऊंची सुनामी की लहरें उठने की आशंका जताई है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक क्यूशू द्वीप के बीचोंबीच स्थित इस प्रांत में आए भूकंप की तीव्रता जापानी भूकंपीय तीव्रता पैमाने पर उकी और हिकावा (Uki and Hikawa) में अधिकतम 7 और आसपास के इलाकों में 6 से ज़्यादा दर्ज की गई।
स्थानीय अग्निशमन विभाग और बिजली कंपनी के अनुसार, भूकंप में कई लोगों के घायल होने की आशंका है, जबकि प्रांत में लगभग 48 हजार घरों में बिजली गुल हो गई। पड़ोसी कागोशिमा प्रांत में भी भूकंप की तीव्रता 5 से ज़्यादा दर्ज की गयी, जबकि फुकुओका तथा सागा प्रांतों में 5 से कम रही।
क्यूशू इलेक्ट्रिक पावर (Kyushu Electric Power) के अनुसार, कागोशिमा प्रांत के सेंडाई परमाणु ऊर्जा संयंत्र या सागा प्रांत के गेनकाई परमाणु ऊर्जा संयंत्र में किसी भी तरह की गड़बड़ी की सूचना नहीं मिली है।
सुनामी की चेतावनी के बाद स्थानीय प्रशासन ने प्रभावित तटीय इलाकों में तत्काल निकासी के आदेश जारी किए हैं। अरियाके और यात्सुशिरो सागर के लिए एडवाइजरी जारी की गयी है। स्थानीय प्रशासन ने लोगों से कहा है कि समुद्र और तटीय इलाके खतरनाक हैं। तुरंत तट से दूर सुरक्षित स्थानों पर चले जाएं। जब तक एडवाइजरी वापस नहीं ली जाती, तब तक समुद्र में न जाएं और न ही तट के पास जाएं।
जेएमए के मुताबिक कुमामोटो, नागासाकी, कागोशिमा, फुकुओका, सागा, ओइता और मियाजाकी प्रांतों में आपातकालीन चेतावनी जारी की गई है। लोगों से शांत रहने, स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने और आधिकारिक माध्यमों से जारी अपडेट पर नजर रखने की अपील की गई है।
