
गांधीधाम : (Gandhidham) पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल अंतर्गत उप-मंडलीय रेलवे अस्पताल, गांधीधाम (Sub–Divisional Railway Hospital in Gandhidham) ने एक जटिल चिकित्सा प्रक्रिया को सफलतापूर्वक अंजाम देकर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। अस्पताल के चिकित्सकों ने 66 वर्षीय महिला के पेट से लगभग 3 किलोग्राम वजन और 20×18 सेंटीमीटर आकार का विशाल ओवेरियन ट्यूमर (massive ovarian tumor) सफलतापूर्वक निकाल दिया। यह सर्जरी 28 जुलाई 2026 को की गई।
पेट दर्द और सूजन की शिकायत के बाद हुआ खुलासा
अस्पताल प्रशासन (hospital administration) के अनुसार महिला मरीज लंबे समय से पेट में दर्द और सूजन की समस्या से परेशान थीं। जांच के दौरान उनके पेट में बड़े आकार के ओवेरियन ट्यूमर की पुष्टि हुई। मरीज की उम्र और ट्यूमर के आकार को देखते हुए यह ऑपरेशन काफी चुनौतीपूर्ण माना जा रहा था, क्योंकि इसमें अत्यधिक रक्तस्राव और अन्य चिकित्सकीय जटिलताओं की आशंका थी।
डॉक्टरों की टीम ने सफलतापूर्वक किया ऑपरेशन
रेलवे अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर में डॉ. जिग्नेश मेहता (एचवीएस) के नेतृत्व में चिकित्सकों (team of doctors led by Dr. Jignesh Mehta) की टीम ने एक्सप्लोरेटरी लेपरोटॉमी प्रक्रिया के माध्यम से स्पाइनल एनेस्थीसिया (spinal anesthesia) के तहत सर्जरी की। ऑपरेशन के दौरान किसी प्रकार की जटिलता सामने नहीं आई और ट्यूमर को पूरी तरह सुरक्षित तरीके से निकाल लिया गया। अस्पताल प्रशासन ने बताया कि सर्जरी के बाद मरीज की स्थिति स्थिर और संतोषजनक है। फिलहाल उन्हें चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है और उनकी स्वास्थ्य स्थिति में लगातार सुधार हो रहा है। निकाले गए ट्यूमर के नमूने को बायोप्सी (biopsy) जांच के लिए भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद यह स्पष्ट होगा कि ट्यूमर सौम्य (Benign) था या उसमें कैंसर संबंधी कोई संभावना मौजूद है।
यह सफलता गांधीधाम रेलवे अस्पताल की उन्नत चिकित्सा सुविधाओं और विशेषज्ञता को दर्शाती है। आमतौर पर इतने बड़े और जटिल मामलों में मरीजों को बड़े सुपर-स्पेशियलिटी अस्पतालों में रेफर किया जाता है, लेकिन स्थानीय स्तर पर इस सफल सर्जरी ने रेलवे अस्पताल की चिकित्सा क्षमता और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं को साबित किया है।
