
मुंबई : (Mumbai) अली फजल और पंकज त्रिपाठी (Ali Fazal and Pankaj Tripathi) अभिनीत बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘मिर्जापुर: द मूवी’ (Mirzapur: The Movie) का पहला गाना ‘दो नंबरी’ रिलीज हो गया है। अमेजन प्राइम वीडियो पर तीन सफल सीजन के बाद अब ‘मिर्जापुर’ की दुनिया बड़े पर्दे पर दस्तक देने जा रही है। फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता के बीच रिलीज हुए इस गाने ने सोशल मीडिया पर भी चर्चा बटोरनी शुरू कर दी है। खास बात यह है कि यह फरहान अख्तर (Farhan Akhtar) के नए म्यूजिक लेबल ‘एक्सेल म्यूजिक’ के तहत जारी होने वाला पहला गीत है।
यूनिवर्सल म्यूजिक ग्रुप (Universal Music Group) (UMG) के साथ साझेदारी में रिलीज हुए ‘दो नंबरी’ को हरियाणवी रैपर धांडा न्योलीवाला ने गाया, लिखा और कंपोज किया है। इस गीत के जरिए उन्होंने बॉलीवुड में बतौर गायक और संगीतकार अपनी शुरुआत की है। गाने के म्यूजिक वीडियो में भी धांडा नजर आ रहे हैं। देसी अंदाज और दमदार रैप से सजे इस गीत को फिल्म के प्रचार अभियान का अहम हिस्सा माना जा रहा है।
गुरमीत सिंह के निर्देशन में बनी ‘मिर्जापुर: द मूवी’ में पंकज त्रिपाठी, अली फजल, दिव्येंदु, रसिका दुग्गल और अभिषेक बनर्जी (Pankaj Tripathi, Ali Fazal, Divyenndu, Rasika Duggal, and Abhishek Banerjee) सहित कई लोकप्रिय कलाकार प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे। वेब सीरीज की अपार सफलता के बाद अब फिल्म से भी दर्शकों को बड़ी उम्मीदें हैं। ‘मिर्जापुर: द मूवी’ 4 सितंबर, 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
