
नई दिल्ली : (New Delhi) श्रीलंका की एक दिन की यात्रा पर गए विदेश सचिव विक्रम मिसरी (Foreign Secretary Vikram Misri) ने बुधवार को राजधानी कोलंबो में श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके (Sri Lankan President Anura Kumara Dissanayake) से मुलाकात की। दोनों पक्षों ने आपसी हितों से जुड़े मुद्दों और भारत की सहायता से श्रीलंका में चल रही प्रमुख विकास परियोजनाओं की समीक्षा की। इस दौरान दोनों देशों ने 35 करोड़ अमेरिकी डॉलर की भारतीय रुपये मूल्यवर्ग (Indian Rupee) (INR) आधारित ऋण सहायता (line of credit) से जुड़े समझौतों का भी आदान-प्रदान किया।
श्रीलंका स्थित भारतीय उच्चायोग (Indian High Commission in Sri Lanka) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि विदेश सचिव विक्रम मिसरी की राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके के साथ हुई बैठक में द्विपक्षीय सहयोग को और मजबूत करने तथा भारत की सहायता से श्रीलंका में चल रही प्रमुख विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक के बाद दोनों पक्षों ने 35 करोड़ अमेरिकी डॉलर की रुपये आधारित लाइन ऑफ क्रेडिट से संबंधित समझौतों का आदान-प्रदान किया। यह ऋण सहायता भारत की ओर से चक्रवात ‘दित्वाह’ (Cyclone Ditvaha) के बाद श्रीलंका को दिए गए 45 करोड़ अमेरिकी डॉलर के पुनर्निर्माण सहायता पैकेज का हिस्सा है।
इन ऋण सहायता समझौतों का उपयोग चक्रवात के बाद पुनर्निर्माण कार्यों, आधारभूत ढांचा विकास और आवश्यक सामग्री की खरीद संबंधी जरूरतों को पूरा करने के लिए किया जाएगा।
