
मोटरमैन की सतर्कता से टला बड़ा हादसा
वसई : (Vasai) पश्चिम रेलवे मार्ग पर नालासोपारा और वसई रोड (Western Railway route between Nalasopara and Vasai Road) स्टेशनों के बीच एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। चलती लोकल ट्रेन के सामने अचानक एक युवक पटरी पर आकर खड़ा हो गया, जिससे कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मोटरमैन की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया। मिली जानकारी के अनुसार, नालासोपारा से वसई रोड की ओर जा रही लोकल ट्रेन अपने निर्धारित मार्ग पर चल रही थी। इसी दौरान एक युवक अचानक पटरियों के बीच आकर खड़ा हो गया और हाथ दिखाकर ट्रेन रोकने का प्रयास करने लगा। युवक को ट्रैक पर देखकर मोटरमैन ने तुरंत आपातकालीन ब्रेक लगाए, जिससे ट्रेन समय रहते रुक गई और संभावित दुर्घटना टल गई। अचानक ट्रेन रुकने से डिब्बों में सवार यात्रियों के बीच कुछ समय के लिए हड़कंप मच गया। ट्रेन के बीच ट्रैक पर रुक जाने से रेल यातायात भी प्रभावित हुआ और पीछे आने वाली सेवाओं पर असर पड़ा।
यात्री ने दिखाई हिम्मत
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, काफी देर तक युवक पटरी से हटने को तैयार नहीं हुआ। इसके बाद ट्रेन में सवार एक यात्री नीचे उतरा और समझाइश देकर उसे ट्रैक से दूर सुरक्षित स्थान पर ले गया। युवक के हटने के बाद ही मोटरमैन ने ट्रेन को आगे बढ़ाया और रेल सेवा सामान्य हो सकी।
मानसिक रूप से अस्वस्थ होने की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवक मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया जा रहा है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। रेलवे पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल मामले की जांच कर रहे हैं। अधिकारी यह पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं कि युवक रेलवे ट्रैक तक कैसे पहुंचा और घटना के पीछे क्या कारण था।
समय रहते आपातकालीन ब्रेक लगाकर सैकड़ों यात्रियों की जान बचाने वाले मोटरमैन की सराहना की जा रही है। उनकी सूझबूझ और तत्परता के कारण एक बड़ा रेल हादसा टल गया।
