
विनय दूबे
मीरा-भाईंदर: (Mira-Bhayandar) हर मानसून में शहरवासियों को सड़कों के गड्ढों से जूझना पड़ता है। इस पुरानी और गंभीर समस्या के समाधान के लिए मीरा-भाईंदर महानगरपालिका (एमबीएमसी) (Mira-Bhayandar Municipal Corporation) ने डिजिटल पहल करते हुए “पोथोल रिपोर्टिंग एंड रिपेयर सिस्टम” (“Pothole Reporting and Repair System”) मोबाइल ऐप लॉन्च किया है। अब नागरिक सड़क पर गड्ढा देखकर अधिकारियों के पीछे भागने के बजाय मोबाइल से फोटो अपलोड कर शिकायत दर्ज कर सकेंगे और घर बैठे उसकी मरम्मत की प्रगति भी देख सकेंगे।
बहाने नहीं, अब होगा त्वरित समाधान
पहले गड्ढों की शिकायत के लिए नागरिकों को वार्ड कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे या फोन पर संपर्क करने में समय बर्बाद होता था। नई डिजिटल व्यवस्था (new digital system) के तहत शिकायत दर्ज होने से लेकर मरम्मत पूरी होने तक की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और तेज़ होगी। शिकायत से जुड़ा हर अपडेट सीधे नागरिकों के मोबाइल पर उपलब्ध कराया जाएगा।
शिकायतों को मिल रहा अच्छा प्रतिसाद
प्राप्त आधिकारिक जानकारी के अनुसार, गड्ढा शिकायत निवारण ऐप (pothole complaint redressal app) को नागरिकों का सकारात्मक प्रतिसाद मिल रहा है। 1 अगस्त से 7 अगस्त की शाम तक ऐप पर कुल 313 शिकायतें दर्ज की गई हैं।
ऐसे करें ऐप का उपयोग
फोटो अपलोड करें: गड्ढे की स्पष्ट और साफ़ तस्वीर ऐप पर अपलोड करें।
लोकेशन साझा करें: ऐप मोबाइल की मदद से गड्ढे की सटीक लोकेशन स्वतः पहचान लेगा, जिससे मरम्मत टीम को स्थान ढूंढने में समय नहीं लगेगा।
स्थिति ट्रैक करें: शिकायत दर्ज होते ही एक शिकायत संख्या मिलेगी। इसी नंबर के माध्यम से नागरिक ऑनलाइन देख सकेंगे कि काम शुरू हुआ है या नहीं और गड्ढे की मरम्मत कब तक पूरी होगी।
शहर को गड्ढा-मुक्त बनाने की पहल
सार्वजनिक निर्माण विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, सड़क सुरक्षा और त्वरित मरम्मत सुनिश्चित करने के लिए यह आधुनिक तकनीक लागू की गई है। इसका प्रमुख उद्देश्य शहर को गड्ढा-मुक्त बनाना और नागरिकों की शिकायतों का शीघ्र निपटारा करना है। यह ऐप फिलहाल एंड्रॉइड प्लेटफॉर्म पर “MBMC Pothole Reporting” (MBMC Pothole Reporting) नाम से प्ले स्टोर पर निःशुल्क उपलब्ध है। नागरिक इसे डाउनलोड कर तुरंत शिकायत दर्ज कर सकते हैं।
