
मुंबई : (Mumbai) मुंबई की लोकल ट्रेन (Mumbai local train) में एक महिला यात्री के साथ अभद्रता और हमला करने की कोशिश का मामला सामने आया है। सेकंड क्लास सामान्य डिब्बे में एक पुरुष यात्री ने पहले महिला को लगातार अपशब्द कहे और बाद में अपनी पैंट से बेल्ट निकालकर उस पर हमला करने का प्रयास किया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अंधेरी सरकारी रेलवे पुलिस (Andheri Government Railway Police) (जीआरपी) ने मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश की जा रही है।
सीट को लेकर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, विवाद सीट पर सोने की बात को लेकर शुरू हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक डिब्बे में बैठने के लिए पर्याप्त जगह होने के बावजूद आरोपी महिला से उलझ गया और लगातार अभद्र भाषा का इस्तेमाल करता रहा। प्रारंभिक बहस के बाद वह वहां से चला गया, लेकिन महिला द्वारा शांत रहने और धीरे बोलने के लिए कहने पर वह दोबारा लौट आया। वायरल वीडियो में आरोपी गुस्से में अपनी बेल्ट निकालकर महिला की ओर बढ़ता दिखाई देता है। इस दौरान वह महिला को धमकाते हुए लगातार गालियां देता रहा। घटना के समय डिब्बे में कई यात्री मौजूद थे, लेकिन किसी ने भी बीच-बचाव करने का साहस नहीं दिखाया।
वायरल वीडियो से आरोपी की पहचान
डिब्बे में मौजूद एक यात्री ने पूरी घटना अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर ली। यही वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल (viral on social media) हो गया। पुलिस ने बताया कि वीडियो और रेलवे स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर ली गई है। उसके आने-जाने के मार्ग का पता लगाया जा रहा है और जल्द गिरफ्तारी की संभावना है।
