
आसन : (Assam) भारत की अश्मिता चालीहा (India’s Ashmita Chaliha) ने शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए शनिवार को हमवतन रक्षिता श्री रामराज (Rakshita Sri Ramraj) को तीन गेम के रोमांचक मुकाबले में हराकर कोरिया मास्टर्स 2026 के महिला एकल फाइनल में प्रवेश कर लिया। विश्व रैंकिंग में 50वें स्थान पर काबिज अश्मिता ने 49वीं रैंकिंग वाली रक्षिता को 21-13, 16-21, 21-13 से शिकस्त दी।
अश्मिता अब रविवार को खिताब के लिए चीन की हान कियान शी से भिड़ेंगी। हान ने दूसरे सेमीफाइनल में दक्षिण कोरिया की किम गा राम को 22-20, 18-21, 21-14 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। शीर्ष वरीय और विश्व की 22वें नंबर की जापानी खिलाड़ी हिना अकेची (Hina Akechi) को क्वार्टर फाइनल में हराकर बड़ा उलटफेर करने वाली अश्मिता ने रक्षिता के खिलाफ भी तेज शुरुआत की। उन्होंने शुरुआती गेम में ही लय हासिल करते हुए रक्षिता पर दबाव बनाए रखा और 21-13 से गेम अपने नाम किया।
रक्षिता ने दूसरे गेम में जोरदार वापसी की। उन्होंने रैलियों की गति बढ़ाते हुए मुकाबले को कड़ा कर दिया। अश्मिता ने बीच में वापसी की कोशिश की, लेकिन रक्षिता ने दबाव कायम रखते हुए 21-16 से दूसरा गेम जीतकर मुकाबला निर्णायक गेम में पहुंचा दिया। तीसरे गेम में अश्मिता ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया और जल्द ही 11-3 की बढ़त हासिल कर ली। इसके बाद उन्होंने रक्षिता को वापसी का कोई मौका नहीं दिया और 21-13 से गेम जीतकर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।
यह अश्मिता के लिए टूर्नामेंट का शानदार अभियान रहा है। उन्होंने क्वार्टर फाइनल में जापान की शीर्ष वरीय और विश्व की 22वें नंबर की हिना अकेची को 20-22, 21-15, 21-19 से हराकर बड़ा उलटफेर किया था। यह मुकाबला एक घंटे तीन मिनट चला था। रक्षिता ने सेमीफाइनल से पहले क्वार्टर फाइनल में तीसरी वरीयता प्राप्त और विश्व की 30वें नंबर की तन्वी शर्मा (Tanvi Sharma) को हराया था। कोयंबटूर की इस खिलाड़ी ने पहला गेम गंवाने के बाद शानदार वापसी करते हुए तन्वी को 18-21, 21-19, 21-18 से हराया था। मुकाबला 61 मिनट चला था।
