
45 रीपर ड्रोन खोए, 1.3 अरब डॉलर का नुकसान
वॉशिंगटन : (Washington) ईरान के साथ संघर्ष के दौरान अमेरिका के कम से कम 45 एमक्यू-9 रीपर (45 US MQ-9 Reaper) निगरानी और हमलावर ड्रोन नष्ट हुए। यह संख्या अमेरिकी बेड़े के करीब एक-चौथाई के बराबर है। ‘द वॉशिंगटन पोस्ट’ (The Washington Post) ने अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से यह जानकारी दी है। रिपोर्ट के अनुसार इन ड्रोन के नुकसान से अमेरिकी करदाताओं पर 1.3 अरब डॉलर से अधिक का वित्तीय बोझ पड़ सकता है। अमेरिकी अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सभी ड्रोन दुश्मन के हमलों में नष्ट नहीं हुए। इनमें से कुछ ड्रोन संचार संपर्क टूटने के बाद दुर्घटनाग्रस्त हुए।
रिपोर्ट के मुताबिक, 28 फरवरी को संघर्ष शुरू होने के समय अमेरिका के पास करीब 185 रीपर ड्रोन थे। इनमें 165 वायुसेना और 20 मरीन कॉर्प्स के पास थे। मरीन कॉर्प्स के बेड़े का कोई ड्रोन नष्ट नहीं हुआ। इसका इस्तेमाल मुख्य रूप से एशिया-प्रशांत क्षेत्र में किया जाता है। रिपोर्ट के मुताबिक कई रीपर ड्रोन मुख्य रूप से होर्मुज के ऊपर अभियान के दौरान मार गिराए गए। अमेरिकी अधिकारियों को इन हमलों की सटीकता ने कथित तौर पर हैरान किया।
