
काठमांडू : (Kathmandu) नेपाल के कई हिस्सों में लगातार हो रही बारिश के कारण जाजरकोट जिले के भेरी नगरपालिका के रिसाड़ क्षेत्र (Risad area of Bheri Municipality, Jajarkot district) में हुए भूस्खलन में तीन लोगों की मौत हो गई है जबकि 4 लोग लापता हैं। सशस्त्र पुलिस के प्रवक्ता डीएसपी शैलेन्द्र थापा (DSP Shailendra Thapa) ने बताया कि लापता लोगों की तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, लापता लोगों में रिसाड़ की 54 वर्षीय उमा सिंह खत्री और 83 वर्षीय रती खत्री के शव बरामद हो चुके हैं। घायल 52 वर्षीय केदार कार्की की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। भेरी नगरपालिका चिसापानी निवासी 70 वर्षीय भीम बहादुर कार्की और गैरीगांव निवासी 14 वर्षीय हरिस बीके अभी भी लापता हैं।
पुलिस के अनुसार, भूस्खलन से आठ घरों को भी भारी नुकसान पहुंचा है। रविवार सुबह करीब 5:30 बजे हुए भूस्खलन में उसी क्षेत्र के 62 वर्षीय राम बहादुर शाही, 45 वर्षीय सिद्धि बहादुर कामी, 58 वर्षीय कमला कार्की, 23 वर्षीय अनिता कार्की, 10 वर्षीय युनिस शाही, 45 वर्षीय सुन्तली चदरा और 61 वर्षीय भद्रकला कार्की घायल हो गए।
राम बहादुर शाही और भद्रकला कार्की की हालत गंभीर है। उन्हें नेपालगंज और सुर्खेत भेजा गया है। लापता लोगों की तलाश के लिए नेपाली सेना, सशस्त्र प्रहरी बल नेपाल गुल्म जाजरकोट और नेपाल पुलिस की संयुक्त टीम को आज सुबह से तैनात किया गया है। इस टीम का नेतृत्व सशस्त्र पुलिस निरीक्षक कमल कार्की कर रहे हैं।
घटनास्थल पर सशस्त्र प्रहरी बल नेपाल गुल्म जाजरकोट, नेपाली सेना और नेपाल पुलिस (Armed Police Force (Jajarkot unit), the Nepal Army, and the Nepal Police) के कुल 155 जवानों की संयुक्त टीम तैनात है। पुलिस के अनुसार, भूस्खलन के खतरे को देखते हुए संबंधित वार्ड के 200 लोगों को त्रिभुवन आधारभूत विद्यालय के भवन में स्थानांतरित किया गया है।
