
गांधीनगर : (Gandhinagar) गुजरात पुलिस (Gujarat Police) 80 हजार से अधिक सीसीटीवी कैमराें काे एक नेटवर्क से जाेड़ेगी। स्मार्ट पुलिसिंग की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए देश की सबसे बड़ी सीसीटीवी एकीकरण और कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित वीडियो विश्लेषण प्रतियोगिता आयोजित करेगी। प्रतियोगिता में विजेता टीमों को कुल 37 लाख रुपये के नकद पुरस्कार दिए जाएंगे।
इसमें देशभर के नवोन्मेषकों, स्टार्टअप, तकनीकी कंपनियों, विद्यार्थियों और शोधकर्ताओं को हिस्सा लेने का अवसर मिलेगा। प्रतियोगिता में वास्तविक सीसीटीवी कैमरा प्रसारण (CCTV camera broadcasts) के आधार पर संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की पहचान, असामान्य गतिविधियों का पता लगाने, तत्काल सूचना, वाहन पहचान और निगरानी जैसी तकनीकों का परीक्षण किया जाएगा।
प्रतियोगिता दो चरणों में होगी। पहले चरण में विद्यार्थियों एवं छोटे-मध्यम स्टार्टअप तथा बड़े स्टार्टअप एवं स्थापित तकनीकी कंपनियों को अलग-अलग श्रेणियों में शामिल किया जाएगा। दूसरे चरण में बेहतर प्रदर्शन करने वाली छह टीमें वास्तविक पुलिसिंग परिस्थितियों में अपने समाधान का प्रदर्शन करेंगी।
इस पहल का उद्देश्य राज्य के विभिन्न विभागों में अलग-अलग तकनीक और प्रणालियों पर संचालित 80 हजार से अधिक सीसीटीवी कैमरों को एकीकृत कर मजबूत और प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था तैयार करना है। प्रतियोगिता सितंबर में शुरू होने की संभावना है।
