
मुंबई : (Mumbai) युवाओं को नशे की लत से बचाने और ‘ड्रग्स फ्री महाराष्ट्र’ (drug-free Maharashtra) का लक्ष्य हासिल करने के लिए राज्य सरकार ने व्यापक अभियान शुरू करने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस (Chief Minister Devendra Fadnavis) ने नशे के सेवन के बाद कार्रवाई करने के बजाय युवाओं को नशे के जाल में फंसाने वाली प्रवृत्तियों पर जड़ से कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। वर्षा निवास पर हुई ‘नशामुक्त महाराष्ट्र नीति’ की बैठक में मुख्यमंत्री ने राज्य के हर सरकारी अस्पताल और मेडिकल कॉलेज में नशामुक्ति केंद्र स्थापित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि नशामुक्त महाराष्ट्र बनाने के लिए सभी प्रशासनिक विभागों को समन्वय के साथ जिम्मेदारी निभानी होगी।
युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए स्कूल और कॉलेज परिसरों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने हर शैक्षणिक संस्थान के परिसर को अनिवार्य रूप से ‘टपरी मुक्त’ करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस नियम में किसी तरह की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी स्कूल-कॉलेजों के प्राचार्यों को परिसर को नशामुक्त घोषित करने की दिशा में कार्रवाई करने को कहा गया है। साथ ही, स्कूली पाठ्यक्रम में नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों को शामिल करने पर भी जोर दिया गया।
