
जनता के असली मुद्दों पर देने की नसीहत
लखनऊ : (Lucknow) बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती (Bahujan Samaj Party National President Mayawati) ने ‘वंदे मातरम्’ गायन को लेकर चल रही राजनीतिक बयानबाजी पर सवाल उठाया है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर राजनीति करने के बजाय सरकारों को देश और जनता की वास्तविक समस्याओं पर ध्यान देना चाहिए।
मायावती ने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ (Vande Mataram) पूरा गाया जाए, केवल शुरुआती दो छंद गाए जाएं या इसे लेकर कोई अन्य व्यवस्था हो, इस पर मौजूदा राजनीतिक विवाद उचित नहीं है। बसपा का मानना है कि ऐसे विषयों को राजनीतिक लाभ का माध्यम नहीं बनाया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि संसद में ‘वंदे मातरम्’ गायन को लेकर हाल में बने कानून या व्यवस्था को लेकर विवाद नया नहीं है। केंद्र और राज्यों में सत्ता परिवर्तन के बाद विभिन्न दल अपने राजनीतिक हितों के अनुसार पुरानी सरकारों के कानूनों और फैसलों में बदलाव करते रहे हैं।
‘राजनीतिक फायदे के लिए बदलते रहते हैं कानून’
बसपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि कई बार सरकारें अपनी कमियों से जनता का ध्यान हटाने के लिए पुराने मुद्दों को नया राजनीतिक रंग देती हैं। सत्ता बदलने के बाद एक-दूसरे की सरकारों के बनाए कानूनों और नीतियों में बदलाव करना आम राजनीतिक प्रक्रिया बन गई है।
मायावती ने कहा कि इस समय देश के सामने कहीं अधिक गंभीर और तात्कालिक चुनौतियां हैं। सरकारों और राजनीतिक दलों को बेरोजगारी, युवाओं की समस्याओं और बाढ़ जैसी आपदाओं पर प्राथमिकता के साथ ध्यान देना चाहिए।
उन्होंने विशेष रूप से बेरोजगार युवाओं, ‘जेन-जी’ और ‘जेन-अल्फा’ (Gen-G and Gen-Alpha) की चिंताओं का जिक्र किया। मायावती ने कहा कि देश और जनहित में मौजूदा समय की सबसे बड़ी जरूरत युवाओं के भविष्य और आम लोगों से जुड़े मुद्दों का समाधान है।
