
नई दिल्ली : (New Delhi) भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन (Indian badminton player Lakshya Sen) का चाइना मास्टर्स में अभियान बुधवार को समाप्त हो गया। राउंड ऑफ 32 के मुकाबले में लक्ष्य को कनाडा के विक्टर लाई के खिलाफ सीधे गेम में 14-21, 7-21 से हार का सामना करना पड़ा।
इस हार के साथ विक्टर लाई के खिलाफ लक्ष्य सेन का इस साल का रिकॉर्ड और खराब हो गया है। दोनों के बीच 2026 में खेले गए चार मुकाबलों में लाई ने तीन बार जीत दर्ज की है। उन्होंने थॉमस कप (Thomas Cup) और जुलाई में चाइना ओपन के राउंड ऑफ 16 में भी लक्ष्य को हराया था।
हालांकि, दोनों के बीच इस साल पहली भिड़ंत में लक्ष्य ने जीत दर्ज की थी। मार्च में ऑल इंग्लैंड ओपन के सेमीफाइनल में लक्ष्य ने लाई को तीन गेम तक चले मुकाबले में 21-16, 18-21, 21-15 से हराया था।
लक्ष्य सेन के लिए यह लगातार दूसरा निराशाजनक टूर्नामेंट रहा। नई दिल्ली में आयोजित विश्व चैंपियनशिप में उन्हें दूसरे दौर में अमेरिका के गैरेट टैन के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। चाइना मास्टर्स में उन्हें शुरुआत में फ्रांस के एलेक्स लानिएर के खिलाफ खेलना था, लेकिन दिल्ली में खिताब जीतने के बाद लानिएर के हटने से लक्ष्य का सामना एक बार फिर लाई से हुआ।
श्रीकांत की शानदार जीत
दिन के पहले मुकाबले में किदांबी श्रीकांत (Kidambi Srikanth) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ची यू-रेन को 21-16, 21-15 से हराकर राउंड ऑफ 16 में जगह बनाई।
श्रीकांत ने पहले गेम में दबदबा बनाया और दूसरे गेम में भी संयम बरतते हुए मुकाबला अपने नाम किया। यू-रेन ने 2023 में सैयद मोदी इंटरनेशनल (Syed Modi International) में अपना पहला बीडब्ल्यूएफ खिताब जीता था और उसी टूर्नामेंट में उन्होंने श्रीकांत को पहले दौर में हराया था। इस बार श्रीकांत ने हिसाब बराबर कर लिया।
मिश्रित युगल में ध्रुव-तनिशा की आसान जीत
मिश्रित युगल के राउंड ऑफ 32 में भारत के ध्रुव कपिला और तनिशा क्रास्टो (Dhruv Kapila and Tanisha Crasto) की जोड़ी ने थाईलैंड के टोंकिड साएहेंग और टोनरुग साएहेंग को 21-8, 21-9 से हराया।
बाद में पांच और भारतीय खिलाड़ी कोर्ट पर उतरेंगे। सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी का सामना मलेशिया के जुनैदी आरिफ और कांग खाई शिंग (Malaysia’s Junaidi Arif and Kang Khai Shing) से होगा, जबकि तन्वी शर्मा डेनमार्क की अमाली शुल्ज के खिलाफ खेलेंगी।
