
लोकल के चालक ने समय रहते लगाया ब्रेक, बची जान
अंबरनाथ : (Ambernath) ट्रेन पकड़ने की जल्दबाजी में एक दिव्यांग यात्री द्वारा अंबरनाथ रेलवे स्टेशन (Ambernath Railway Station) पर रेलवे ट्रैक पार करने का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। हाथ में वॉकर लेकर यात्री एक प्लेटफॉर्म से दूसरे प्लेटफॉर्म पर जाने के लिए सीधे पटरियों पर उतर गया। इसी दौरान लोकल ट्रेन के आने की घोषणा होने से स्टेशन पर मौजूद यात्रियों में हड़कंप मच गया। कुछ यात्रियों ने तत्परता दिखाते हुए दिव्यांग यात्री को तुरंत सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। वहीं, लोकल ट्रेन के चालक ने भी समय रहते ब्रेक लगा दिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
स्टेशन पर सुविधाओं की कमी का मुद्दा फिर उठा
अंबरनाथ रेलवे स्टेशन पर फिलहाल विभिन्न विकास कार्य चल रहे हैं। इसके चलते प्लेटफॉर्म नंबर एक और दो के बीच आने-जाने में दिव्यांगों और वरिष्ठ नागरिकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यात्रियों का कहना है कि स्टेशन पर उनके लिए पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध नहीं होने के कारण उन्हें कई बार असुविधाजनक और जोखिम भरे रास्तों का सहारा लेना पड़ता है।
सुविधाएं बढ़ाने की मांग
इस घटना के बाद अंबरनाथ स्टेशन पर दिव्यांग और वरिष्ठ नागरिक यात्रियों की सुरक्षा का मुद्दा एक बार फिर सामने आया है। रेलवे प्रशासन लगातार यात्रियों से रेलवे ट्रैक पार न करने और सुरक्षित रास्ते का इस्तेमाल करने की अपील करता है। हालांकि, यात्रियों का कहना है कि ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए स्टेशन पर दिव्यांगों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए पर्याप्त और सुविधाजनक आवागमन व्यवस्था जल्द उपलब्ध कराई जानी चाहिए।
