
मुंबई : (Mumbai) गोरेगांव पूर्व में शुक्रवार शाम करीब 6.15 बजे एक टूरिस्ट बस में अचानक भीषण आग लग गई। हादसा ओबेरॉय गार्डन सिटी मेट्रो स्टेशन (Oberoi Garden City Metro station) के ठीक नीचे चेकनाका सिग्नल के पास हुआ। व्यस्त सड़क पर शाम के समय बस में आग लगने से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत घटना की सूचना प्रशासन को दी।
दमकल की टीम ने आग पर पाया काबू
सूचना मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड (Mumbai Fire Brigade), पुलिस, 108 एंबुलेंस और मेट्रो प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद बस में लगी आग पर काबू पा लिया। राहत की बात रही कि हादसे में किसी के घायल होने या जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।
आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं
समय रहते राहत और बचाव कार्य शुरू होने से बड़ा हादसा टल गया। बस में आग किस वजह से लगी, इसका अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच कर रहे हैं। हादसे के कारण कुछ समय के लिए इलाके में यातायात प्रभावित हुआ, लेकिन बीएमसी और पुलिस (BMC and police) की तत्परता से स्थिति जल्द सामान्य कर दी गई।
