
भाजपा मुख्य प्रवक्ता का रोहित पवार और कांग्रेस पर हमला
मुंबई : (Mumbai) MPSC पेपर लीक मामले को लेकर महाराष्ट्र में सियासत तेज हो गई है। भाजपा के मुख्य प्रवक्ता नवनाथ बन (BJP Chief Spokesperson Navnath Ban) ने रोहित पवार और कांग्रेस पर विद्यार्थियों के मुद्दे को लेकर राजनीति करने का आरोप लगाया है। भाजपा प्रदेश कार्यालय में सोमवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में बन ने कहा कि यह राजनीति विद्यार्थियों के हित के लिए नहीं, बल्कि अपना राजनीतिक करियर चमकाने के लिए की जा रही है।
बन ने आरोप लगाया कि महाविकास आघाड़ी सरकार के कार्यकाल में पेपर लीक की घटनाओं के दौरान रोहित पवार, नाना पटोले, सुप्रिया सुळे और विजय वडेट्टीवार (Rohit Pawar, Nana Patole, Supriya Sule, and Vijay Wadettiwar) ने आवाज नहीं उठाई। उन्होंने रोहित पवार के MPSC विद्यार्थियों के समर्थन को दिखावा बताते हुए कहा कि यदि उन्हें वास्तव में विद्यार्थियों के भविष्य की चिंता है तो अपनी संस्था के माध्यम से कितने विद्यार्थियों को मुफ्त शिक्षा दी गई, इसका आंकड़ा सार्वजनिक करें।
दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई
बन ने कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस (Chief Minister Devendra Fadnavis) ने विद्यार्थियों के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनी हैं। साथ ही सारथी और बार्टी जैसी योजनाओं के माध्यम से MPSC और UPSC की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों को सुविधाएं उपलब्ध कराने की घोषणा की गई है।
उन्होंने कहा कि MPSC एक स्वायत्त संस्था है। औषधि निरीक्षक परीक्षा का पेपर लीक होने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और परीक्षा नियंत्रक समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया है। दोषियों को किसी भी स्थिति में संरक्षण नहीं दिया जाएगा।
संजय राऊत और सुप्रिया सुळे पर निशाना
बन ने संजय राऊत (Sanjay Raut) पर हिंदू त्योहारों को लेकर दोहरे रवैये का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि DJ और जुलूसों को लेकर अलग-अलग मापदंड अपनाए जा रहे हैं। वहीं, सुप्रिया सुळे के किसान आत्महत्या संबंधी बयान पर उन्होंने कहा कि सरकार किसानों के साथ खड़ी है और उन्हें विभिन्न रियायतें दी जा रही हैं। बन ने विपक्ष पर किसानों के मुद्दे को राजनीतिक हथियार बनाने का आरोप लगाया।
