
नवी मुंबई : (Navi Mumbai) सिडको की अगस्त 2026 आवास योजना (CIDCO’s housing scheme) को नागरिकों का जबरदस्त प्रतिसाद मिला है। योजना के तहत बिक्री के लिए उपलब्ध कराए गए 4,793 घरों के लिए 4,180 आवेदकों ने रुचि दर्ज कराई है। ये घर नवी मुंबई के तळोजा, खारघर और कलंबोली (Taloja, Kharghar, and Kalamboli) क्षेत्रों में उपलब्ध कराए गए हैं।
आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए आवास
15 अगस्त 2026 को शुरू की गई इस योजना में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (Economically Weaker Section) के नागरिकों के लिए घर उपलब्ध कराए गए हैं। पात्र नागरिकों को नवी मुंबई में किफायती दरों पर अपना घर खरीदने का अवसर दिया गया। योजना के लिए आवेदन और बुकिंग की अवधि 3 सितंबर 2026 को समाप्त हो गई। योजना को मिले इस प्रतिसाद को सिडको की आवास योजनाओं के प्रति नागरिकों के बढ़ते विश्वास के रूप में देखा जा रहा है।
अपना घर होने की आकांक्षा का प्रतीक
सिडको के उपाध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक अश्विन मुद्गल (Ashwin Mudgal, Vice Chairman and Managing Director of CIDCO) ने कहा कि आवास योजना को मिला उत्स्फूर्त प्रतिसाद नवी मुंबई में अपना घर होने की नागरिकों की आकांक्षा और सिडको के नियोजित विकास पर उनके भरोसे का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि नागरिकों को नियोजित क्षेत्रों में किफायती और गुणवत्तापूर्ण आवास उपलब्ध कराने के साथ बेहतर बुनियादी सुविधाओं और कनेक्टिविटी का लाभ दिलाने के लिए सिडको प्रतिबद्ध है।
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 2.5 लाख रुपये तक सहायता
प्रधानमंत्री आवास योजना (Pradhan Mantri Awas Yojana)-शहरी के तहत पात्र लाभार्थियों को सितंबर 2026 तक 2.5 लाख रुपये तक का अनुदान उपलब्ध है। हालांकि, यह आर्थिक सहायता लागू दिशा-निर्देशों और पात्रता मानदंडों के अधीन होगी। इस सहायता से पात्र लाभार्थियों के लिए घर खरीदना और आसान होने की उम्मीद है। सिडको का कहना है कि नागरिकों को अपना घर खरीदने का अवसर उपलब्ध कराने और नियोजित शहरी क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण आवास देने के उद्देश्य से लगातार आवास योजनाएं लागू की जा रही हैं। तळोजा, खारघर और कलंबोली नवी मुंबई के तेजी से विकसित हो रहे प्रमुख क्षेत्रों में शामिल हैं। इन क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के साथ-साथ परिवहन और संपर्क व्यवस्था का भी लगातार विस्तार हो रहा है। ऐसे में इन क्षेत्रों में उपलब्ध कराए गए किफायती घरों को लेकर नागरिकों में विशेष रुचि देखने को मिली है।
8 सितंबर तक दर्ज करा सकेंगे आपत्ति
योजना के लिए लॉटरी आवेदकों की प्रारूप सूची 4 सितंबर 2026 को सिडको होम्स के आधिकारिक पोर्टल (official CIDCO Homes portal) पर जारी कर दी गई है। इस प्रारूप सूची को लेकर नागरिक 8 सितंबर 2026 तक आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। आपत्तियों की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 10 सितंबर 2026 को अंतिम सूची जारी की जाएगी। इसके बाद लॉटरी प्रक्रिया और आगे के सभी चरणों से संबंधित जानकारी सिडको के आधिकारिक पोर्टल पर उपलब्ध कराई जाएगी।
