
मुंबई-गोवा हाईवे समेत प्रमुख मार्गों पर मिलेगी छूट
मुंबई : (Mumbai) गणेशोत्सव के अवसर पर कोंकण स्थित अपने गांव जाने वाले गणेश भक्तों को महाराष्ट्र सरकार (Maharashtra government) ने बड़ी राहत दी है। राज्य सरकार ने 11 सितंबर से 27 सितंबर 2026 तक कोंकण की ओर जाने वाले गणेश भक्तों के वाहनों को निर्धारित मार्गों पर टोलमाफी देने का निर्णय लिया है। लोक निर्माण मंत्री शिवेंद्रसिंहराजे भोंसले (Minister Shivendrasinhraje Bhosale) ने यह जानकारी दी।
मुंबई-गोवा हाईवे और अटल सेतु पर भी छूट
टोलमाफी मुंबई-बेंगलुरु राष्ट्रीय राजमार्ग (Mumbai-Bengaluru National Highway)-48, मुंबई-गोवा राष्ट्रीय राजमार्ग-66 तथा लोक निर्माण विभाग और महाराष्ट्र राज्य सड़क विकास महामंडल के अंतर्गत आने वाले कोंकण मार्गों के संबंधित टोल नाकों पर लागू होगी। इसके अलावा अटल बिहारी वाजपेयी शिवड़ी-न्हावा शेवा अटल सेतु से कोंकण जाने वाले गणेश भक्तों को भी इसका लाभ मिलेगा।
पास और स्टिकर की व्यवस्था
टोलमाफी का लाभ लेने के लिए ‘गणेशोत्सव 2026 कोंकण दर्शन’ (Ganeshotsav 2026 Konkan Darshan) लिखे स्वतंत्र स्टिकर अथवा पास उपलब्ध कराए जाएंगे। पास पर वाहन का नंबर और चालक का नाम दर्ज होगा। पुलिस, यातायात पुलिस, परिवहन विभाग और आरटीओ के समन्वय से विभिन्न स्थानों पर पास उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी। पुलिस स्टेशन, यातायात चौकियों और आरटीओ कार्यालयों में भी पास मिलेंगे।
वापसी यात्रा पर भी टोलमाफी
सरकार ने स्पष्ट किया है कि यह पास वापसी यात्रा के लिए भी मान्य रहेगा। इससे गणेशोत्सव के बाद कोंकण से वापस लौटने वाले भक्तों को भी टोलमाफी का लाभ मिलेगा।
एसटी बसों को भी छूट
कोंकण जाने वाली महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन महामंडल (State Road Transport Corporation) (ST) की बसों को भी टोलमाफी दी जाएगी। संबंधित बसों के लिए आवश्यक पास पुलिस या क्षेत्रीय परिवहन विभाग के माध्यम से उपलब्ध कराए जाएंगे।
यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान
गणेशोत्सव के दौरान कोंकण मार्गों पर बढ़ने वाले यातायात को देखते हुए पुलिस और परिवहन विभाग को टोल नाकों पर भीड़ तथा जाम से निपटने के लिए आवश्यक उपाय करने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस (Chief Minister Devendra Fadnavis) के निर्देश और लोक निर्माण मंत्री भोंसले के मार्गदर्शन में विभाग ने 8 सितंबर को इस संबंध में शासन परिपत्र जारी किया है।
