
सपा विधायक रईस शेख ने BMC आयुक्त और BEST महाप्रबंधक को लिखा पत्र
मुंबई : (Mumbai) मुंबई के धर्मवीर स्वराज्यरक्षक छत्रपति संभाजी महाराज कोस्टल रोड पर BEST बसों की संख्या बढ़ाने की मांग को लेकर समाजवादी पार्टी के विधायक रईस शेख (Samajwadi Party MLA Raees Shaikh) ने बीएमसी आयुक्त अश्विनी भिड़े और BEST महाप्रबंधक डॉ. सोनिया सेठी (BEST General Manager Dr. Sonia Sethi) को पत्र लिखा है। उन्होंने कहा कि करदाताओं के पैसे से बने इस मार्ग पर फिलहाल केवल दो BEST बस सेवाओं का संचालन आम मुंबईकरों के साथ अन्याय है।
दो बस सेवाओं का ही संचालन
रईस शेख ने कहा कि मुंबई में यातायात की समस्या कम करने और यात्रा का समय बचाने के उद्देश्य से कोस्टल रोड का निर्माण किया गया है। इस मार्ग पर पैदल यात्रियों, भारी वाहनों, तीन पहिया और दोपहिया वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध है। वर्तमान में केवल A84 (Dr. Shyama Prasad Mukherjee Chowk to Oshiwara Depot) और A78 (NCPA to Byculla) बस सेवाएं कोस्टल रोड से संचालित हो रही हैं।
उन्होंने कहा कि दोनों बस सेवाओं को यात्रियों से अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। ऐसे में इस मार्ग पर बसों की संख्या बढ़ाने की आवश्यकता है।
टैक्सी का महंगा विकल्प अपनाने को मजबूर
विधायक ने कहा कि बीएमसी ने कोस्टल रोड परियोजना (Coastal Road project) पर करीब 12,721 करोड़ रुपये खर्च किए हैं। यह राशि आम मुंबईकरों से मिलने वाले करों से जुटाई गई है। इसके बावजूद पर्याप्त BEST बसें उपलब्ध नहीं होने के कारण लोगों को कोस्टल रोड से यात्रा करने के लिए महंगी टैक्सियों का सहारा लेना पड़ रहा है।
12 से 50 रुपये तक है बस किराया
रईस शेख के मुताबिक, कोस्टल रोड पर BEST बस का किराया अपेक्षाकृत किफायती है, जो 12 से 50 रुपये के बीच है। यदि बसों की संख्या बढ़ाई जाती है तो बड़ी संख्या में मुंबईकरों को सस्ती और सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन सेवा मिल सकती है।
उन्होंने कहा कि BEST के पास अनुबंध के आधार पर 2,533 बसें संचालित हो रही हैं। ऐसे में कोस्टल रोड पर अतिरिक्त बसें शुरू करने में BEST के सामने कोई बड़ी दिक्कत नहीं होनी चाहिए। उन्होंने बीएमसी और BEST प्रशासन से जल्द से जल्द बस सेवाओं की संख्या बढ़ाने की मांग की है।
