
मुंबई : (Mumbai) मध्य रेल (Central Railway) द्वारा 15 डिब्बों वाली लोकल ट्रेनों के संचालन के लिए टिटवाला स्टेशन (Titwala station) के प्लेटफॉर्म विस्तार का कार्य किया जा रहा है। इस कार्य के लिए 28/29 अगस्त की मध्यरात्रि से 11/12 सितंबर 2026 की मध्यरात्रि (August 28/29 to the intervening night of September 11/12, 2026) तक टिटवाला में 15 दिनों का विशेष ट्रैफिक और पावर ब्लॉक लिया जा रहा है। प्रत्येक दिन मध्यरात्रि के दौरान करीब पांच से छह घंटे तक यह ब्लॉक रहेगा। इसके चलते उपनगरीय लोकल के साथ-साथ मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों के संचालन पर भी असर पड़ेगा।
10/11 सितंबर की रात 1.45 से 4.45 बजे तक ब्लॉक
10/11 सितंबर की मध्यरात्रि को अप और डाउन नॉर्थ ईस्ट लाइन पर रात 1.45 बजे से सुबह 4.45 बजे तक विशेष ब्लॉक लिया जाएगा। इस दौरान टिटवाला और कसारा (Titwala and Kasara) के बीच उपनगरीय लोकल सेवाएं उपलब्ध नहीं रहेंगी। टिटवाला जाने वाली सभी उपनगरीय सेवाओं को आसनगांव तक बढ़ाया जाएगा, जबकि टिटवाला से शुरू होने वाली लोकल सेवाएं आसनगांव से रवाना की जाएंगी।
कई लोकल सेवाएं रहेंगी रद्द
ब्लॉक के दौरान सीएसएमटी-टिटवाला, सीएसएमटी-कुर्ला, सीएसएमटी-कसारा, सीएसएमटी-ठाणे, ठाणे-टिटवाला और कुर्ला-कल्याण सहित कई लोकल सेवाएं रद्द रहेंगी। इसी तरह टिटवाला-सीएसएमटी, ठाणे-सीएसएमटी, कल्याण-सीएसएमटी, टिटवाला-परेल और टिटवाला-ठाणे की कुछ सेवाएं भी प्रभावित रहेंगी।
ब्लॉक से पहले और बाद में पहली-आखिरी लोकल
कसारा जाने वाली डाउन नॉर्थ ईस्ट लाइन पर ब्लॉक से पहले अंतिम लोकल सीएसएमटी से रात 10.47 बजे रवाना होगी। वहीं, सीएसएमटी जाने वाली अप नॉर्थ ईस्ट लाइन पर ब्लॉक से पहले अंतिम लोकल कसारा से रात 10 बजे रवाना होगी। ब्लॉक समाप्त होने के बाद कसारा जाने वाली पहली लोकल सीएसएमटी से सुबह 4.19 बजे रवाना होगी। सीएसएमटी जाने वाली पहली लोकल कसारा से सुबह 3.51 बजे और टिटवाला से सुबह 5.11 बजे रवाना होगी।
दिन में भी कुछ सेवाएं ठाणे और कल्याण तक सीमित
10 सितंबर को कुछ उपनगरीय सेवाओं को आंशिक रूप से ठाणे और कल्याण तक ही चलाया जाएगा। सीएसएमटी से चलने वाली कुछ टिटवाला सेवाएं ठाणे तक सीमित रहेंगी, जबकि कुछ सेवाएं केवल कल्याण तक चलेंगी। इसके अलावा टिटवाला से सीएसएमटी जाने वाली कुछ लोकल और वातानुकूलित सेवाएं ठाणे से शुरू की जाएंगी। कुछ सेवाएं कल्याण से शुरू होंगी। यात्रियों की सुविधा के लिए आसनगांव-परेल और सीएसएमटी-ठाणे विशेष उपनगरीय सेवाएं भी चलाई जाएंगी।
मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों पर भी असर
ब्लॉक के कारण मुंबई मंडल पर कई मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों को रास्ते में रोककर या नियंत्रित कर चलाया जाएगा। इनमें बलिया-दादर एक्सप्रेस, शालिमार-एलटीटी ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस, शालिमार-एलटीटी एक्सप्रेस, हावड़ा-सीएसएमटी मेल, गोरखपुर-एलटीटी एक्सप्रेस और साईंनगर शिरडी-दादर एक्सप्रेस शामिल हैं। इनमें से कुछ ट्रेनों को वासिंद, अतगांव, खर्डी, कसारा और इगतपुरी स्टेशनों पर निर्धारित अवधि के लिए नियंत्रित किया जाएगा।
कई ट्रेनों के गंतव्य पर पहुंचने में होगी देरी
ब्लॉक के चलते विदर्भ एक्सप्रेस, देवगिरि एक्सप्रेस, मंगलाद्वीप एक्सप्रेस, पंजाब मेल, रांची-एलटीटी एक्सप्रेस और नागपुर-सीएसएमटी दुरंतो एक्सप्रेस के गंतव्य पर करीब 30 से 40 मिनट की देरी से पहुंचने की संभावना है। भुसावल मंडल की नंदीग्राम एक्सप्रेस, अमरावती-सीएसएमटी एक्सप्रेस, उद्योग नगरी एक्सप्रेस और एलटीटी-गोरखपुर कुशीनगर एक्सप्रेस सहित अन्य ट्रेनों को भी परिचालन की स्थिति के अनुसार नियंत्रित किया जाएगा।
