
पेरिस : (Paris) अमेरिकी एआई कंपनी एंथ्रोपिक (US AI company Anthropic) ने कहा कि यमन में एक समूह ने उसके ‘क्लॉड चैटबॉट’ (‘Claude chatbot’) का इस्तेमाल निर्देशित रॉकेट और मिसाइल विकसित करने की कोशिश की। यह खुलासा ऐसे समय हुआ है जब ईरान समर्थित हूती विद्रोही (Houthi rebels) यमन में बड़े पैमाने पर सैन्य अभियान चला रहे हैं। एंथ्रोपिक ने गुरुवार को प्रकाशित एक रिपोर्ट में बताया कि उसने उत्तरी यमन में सक्रिय एक समूह की पहचान की, जो हथियारों के विकास से जुड़े तीन कार्यक्रम चला रहा था। कंपनी के अनुसार इनमें एक निर्देशित रॉकेट, 2,000 किलोमीटर से अधिक की लक्ष्य क्षमता वाली बहु-चरणीय बैलिस्टिक मिसाइल और हाइपरसोनिक ग्लाइड वाहन वाले एक संस्करण समेत कई तरह की मिसाइलें शामिल थीं। कंपनी ने कहा कि इस समूह ने हवा में उड़ने वाले हथियारों के मार्गदर्शन, नेविगेशन और नियंत्रण (जीएनसी) (guidance, navigation, and control) सॉफ्टवेयर विकसित करने के लिए क्लॉड का इस्तेमाल किया। ऐसा काम आमतौर पर इंजीनियरों की एक टीम की जरूरत वाला होता है। एंथ्रोपिक ने कहा कि उसके पास इस बात का कोई सबूत नहीं है कि समूह किसी परिचालन हथियार को तैनात करने में सफल रहा। हालांकि, उसने एक निर्देशित रॉकेट का परीक्षण जरूर किया था। कंपनी के मुताबिक, यह परीक्षण संभवत: विफल रहा और कुछ ही घंटों के भीतर समूह ने क्लॉड का दोबारा इस्तेमाल कर यह पता लगाने की कोशिश की कि रॉकेट क्यों विफल हुआ।
