
करीब 38 पत्रकारों को मिला सुरक्षा कवच
सदस्यों को सदस्यता प्रमाण पत्र भी वितरित
वसई-विरार : (Vasai-Virar) पत्रकारों के हित और उनकी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वसई-विरार शहर महानगरपालिका पत्रकार संगठन (Vasai-Virar Municipal Corporation Journalists Association) की ओर से पत्रकारों को 10 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा प्रदान किया गया। इसके साथ ही संगठन के सदस्यों को सदस्यता प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए। विरार पूर्व के मनवेलपाड़ा स्थित ली विवांता होटल में आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, पुलिस अधिकारियों और वरिष्ठ अधिवक्ता की उपस्थिति रही।
38 पत्रकारों को मिला बीमा
संगठन के अध्यक्ष विजय गायकवाड (Vijay Gaikwad) के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में वसई-विरार, मीरा-भायंदर और पालघर जिले में पत्रकारिता के क्षेत्र में कार्यरत करीब 38 पत्रकारों को 10 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा दिया गया। इस पहल की स्थायी समिति सभापति प्रवीण शेट्टी समेत उपस्थित अतिथियों ने सराहना की।
स्थायी समिति सभापति प्रवीण शेट्टी (Standing Committee Chairman Praveen Shetty) ने कहा कि पत्रकारों के हित में वसई-विरार में इस तरह की पहल पहली बार की गई है। उन्होंने मनपा की ओर से भी पत्रकारों के लिए विशेष नियोजन करने का आश्वासन दिया। उपमहापौर मार्शल लोपेज ने कहा कि पत्रकार दिन-रात मैदान में रहकर खबरें जुटाते हैं। इस दौरान दुर्घटना होने पर उनके परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो सकता है। ऐसे में दुर्घटना बीमा पत्रकारों और उनके परिवार के लिए महत्वपूर्ण सुरक्षा कवच साबित होगा।
संगठन को दो महीने में मिले करीब 40 सदस्य
संगठन अध्यक्ष विजय गायकवाड (Organization President Vijay Gaikwad) ने बताया कि संगठन का पंजीकरण 23 जून 2026 को हुआ था और महज दो महीने में करीब 40 सदस्य इससे जुड़ चुके हैं। उन्होंने कहा कि संगठन का मुख्य उद्देश्य पत्रकारों के हित में लगातार काम करना है। कार्यक्रम में उपमहापौर मार्शल लोपेज, स्थायी समिति सभापति प्रवीण शेट्टी, विरोधी पक्ष नेता मनोज पाटिल, पूर्व महापौर नारायण मानकर, पुलिस उपायुक्त अशोक विरकर, पुलिस उपायुक्त शशिकांत बोराटे और वरिष्ठ अधिवक्ता दिगंबर देसाई सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को सफल बनाने में संगठन के उपाध्यक्ष संजय मिश्रा, मनीष म्हात्रे, सचिव मंगेश कराळे, सहसचिव मनोज तांबे, कोषाध्यक्ष राधेश्याम सिंग, सह-कोषाध्यक्ष गोपाल गुप्ता, मुख्य सलाहकार लक्ष्मणराव पाटोले, कार्यालयीन प्रमुख संदीप गायकवाड, सोशल मीडिया समन्वयक विशाल गुप्ता, महिला समन्वयक कीर्ति केसरकर, महिला संघटक आदिती सिंह समेत संगठन के सभी पदाधिकारियों और सदस्यों का योगदान रहा।
