
33 लोगों का रेस्क्यू, किसी के घायल होने की सूचना नहीं
मुंबई : (Mumbai) तिलक नगर इलाके (Tilak Nagar area) में बुधवार शाम एक 15 मंजिला इमारत की चौथी मंजिल स्थित कमरे में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। घटना में इमारत में मौजूद 33 लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू कर छत पर पहुंचाया गया। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
चौथी मंजिल के कमरे में लगी आग
बीएमसी के मुंबई फायर ब्रिगेड (BMC’s Mumbai Fire Brigade) के अनुसार, आग की सूचना शाम 7:15 बजे मिली। घटना बिल्डिंग नंबर 110, बी विंग, रोड नंबर 13, आर.एस. मणि कैफे के पास की है। आग ग्राउंड प्लस 15 मंजिला इमारत की चौथी मंजिल स्थित कमरा नंबर 402 में लगी। आग से कमरे की बिजली की वायरिंग, विद्युत उपकरण, सीलिंग, लकड़ी का फर्नीचर और दस्तावेज प्रभावित हुए। सूचना मिलते ही दमकल के साथ पुलिस, बिजली वितरण कंपनी, 108 एंबुलेंस तथा बीएमसी वार्ड और बिल्डिंग एंड फैक्ट्री विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं।
46 मिनट में आग पर काबू
दमकलकर्मियों ने एक छोटी लाइन का इस्तेमाल कर आग बुझाने की कार्रवाई शुरू की। दो दमकलकर्मियों ने ब्रीदिंग अपरेटस (बीए सेट) पहनकर कमरे के अंदर जाकर आग पर काबू पाया। फायर ब्रिगेड के अनुसार, रात 8:01 बजे आग पूरी तरह बुझा दी गई। इस दौरान इमारत में मौजूद 33 लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर छत पर पहुंचाया गया। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
