
नई दिल्ली : (New Delhi) 15 साल से कम उम्र के बच्चों को जारी होने वाले साधारण भारतीय पासपोर्ट (ordinary Indian passports) की वैधता अवधि में बदलाव किया गया है। नए नियमों के तहत अब बच्चों का पासपोर्ट जारी होने की तारीख से पांच साल या बच्चे के 18 साल की उम्र पूरी करने तक, जो भी पहले हो, वैध रहेगा। विदेश मंत्रालय ने इस संबंध में पासपोर्ट (संशोधन) नियम, 2026 (Passport (Amendment) Rules, 2026) अधिसूचित कर दिए हैं। ये नियम गुरुवार को भारत के राजपत्र में प्रकाशित किए गए।
36 पन्नों वाले पासपोर्ट पर लागू होगा नियम
संशोधित नियम 12(1ए) के तहत 15 साल से कम उम्र के बच्चे को जारी किया गया 36 पन्नों वाला साधारण पासपोर्ट पांच साल या बच्चे के 18 साल का होने तक वैध रहेगा। दोनों में से जो अवधि पहले पूरी होगी, उसी के अनुसार पासपोर्ट की वैधता समाप्त होगी।
आवेदन शुल्क संबंधी नियम भी बदला
15 सितंबर की अधिसूचना में पासपोर्ट आवेदन शुल्क (passport application fees) से जुड़े नियम 8 में भी संशोधन किया गया है। इसके तहत आवेदन की प्रत्येक श्रेणी के लिए देय शुल्क पासपोर्ट नियमों की अनुसूची चार में निर्धारित राशि के अनुसार होगा। संशोधित नियम राजपत्र में प्रकाशित होने की तारीख से प्रभावी हो गए हैं।
जुलाई से बढ़े हैं पासपोर्ट सेवा शुल्क
विदेश मंत्रालय (Ministry of External Affairs) ने 1 जुलाई से पासपोर्ट से जुड़ी विभिन्न सेवाओं के शुल्क में बढ़ोतरी की थी। बढ़ा हुआ शुल्क नए पासपोर्ट आवेदन, पासपोर्ट के नवीनीकरण, तत्काल सेवा, खोए या क्षतिग्रस्त पासपोर्ट के बदले नया पासपोर्ट, पुलिस क्लीयरेंस प्रमाणपत्र और अन्य सेवाओं पर लागू है।
बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों को 10 फीसदी छूट
आठ साल से कम उम्र के बच्चों और 60 साल से अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिकों के नए पासपोर्ट आवेदन पर 10 फीसदी की छूट जारी रहेगी। हालांकि, यह छूट पासपोर्ट दोबारा जारी कराने के आवेदनों पर लागू नहीं होगी।
वयस्कों के पासपोर्ट शुल्क में भी बढ़ोतरी
36 पन्नों वाले वयस्क पासपोर्ट (36-page adult passport) के नए आवेदन या नवीनीकरण के लिए सामान्य शुल्क 1,500 रुपये से बढ़ाकर 2,500 रुपये किया गया है। वहीं, 60 पन्नों वाले वयस्क पासपोर्ट का शुल्क 2,000 रुपये से बढ़ाकर 3,500 रुपये कर दिया गया है।
तत्काल पासपोर्ट भी हुआ महंगा
तत्काल योजना के तहत 36 पन्नों वाले वयस्क पासपोर्ट का शुल्क 3,500 रुपये से बढ़ाकर 5,000 रुपये और 60 पन्नों वाले पासपोर्ट का शुल्क 4,000 रुपये से बढ़ाकर 6,000 रुपये किया गया है। तत्काल श्रेणी में 60 पन्नों वाले वयस्क पासपोर्ट को बदलने का शुल्क 5,500 रुपये से बढ़ाकर 8,500 रुपये किया गया है।
नाबालिगों के पासपोर्ट शुल्क में भी बढ़ोतरी
18 साल से कम उम्र के बच्चों के 36 पन्नों वाले नए या दोबारा जारी किए जाने वाले सामान्य पासपोर्ट का शुल्क 1,000 रुपये से बढ़ाकर 1,750 रुपये किया गया है। वहीं, तत्काल श्रेणी में नाबालिगों के 36 पन्नों वाले नए या दोबारा जारी पासपोर्ट का शुल्क 3,000 रुपये से बढ़ाकर 4,250 रुपये कर दिया गया है।
