
काठमांडू : (Kathmandu) नेपाल के मौसम विज्ञान विभाग (Nepal’s Department of Hydrology and Meteorology) ने सोमवार को विशेष मौसम बुलेटिन में आगामी शुक्रवार से रविवार तक देश के अधिकांश हिस्सों में गरज-चमक और बिजली के साथ बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है। विभाग ने कुछ इलाकों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी भी दी है।
विभाग के अनुसार शुक्रवार से रविवार तक गंडकी और लुंबिनी प्रदेश में मौसम का सबसे ज्यादा असर देखने को मिल सकता है। इन दोनों प्रदेशों में कई स्थानों पर भारी से अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने मधेश प्रदेश (Madhesh Province) को छोड़कर छह प्रदेशों के 42 जिलों में ऑरेंज अलर्ट (‘Orange Alert’) जारी किया है। इन जिलों में बाढ़ और भूस्खलन का जोखिम अधिक बताया गया है।
मौसम विभाग ने गंडकी प्रदेश (Gandaki Province) के सभी 11 जिलों को ऑरेंज अलर्ट में रखा है। लुंबिनी प्रदेश के 12 जिलों में से रोल्पा, बांके और बर्दिया को छोड़कर बाकी सभी जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा मधेश, कोशी, बागमती और सुदूरपश्चिम प्रदेश के कुछ स्थानों पर भारी से अत्यधिक भारी बारिश, जबकि कर्णाली प्रदेश के कुछ इलाकों में भारी बारिश होने का अनुमान है। विभाग ने 35 अन्य जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। इसका अर्थ है कि इन क्षेत्रों में बारिश की संभावना है और लोगों को मौसम संबंधी सूचनाओं पर नजर रखते हुए नियमित रूप से अपडेट रहने की सलाह दी गई है।
मौसम पूर्वानुमान महाशाखा के मौसमविद् रोजन लामिछाने (Rojan Lamichhane, a meteorologist at the Department of Hydrology and Meteorology) ने बताया कि मौजूदा स्थिति के आधार पर अगले तीन दिनों तक लगातार बारिश होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि लगातार बारिश होने और कुछ स्थानों पर अत्यधिक बारिश की भी संभावना है। निम्न दबाव वाले क्षेत्र का प्रभाव बुधवार से पूर्वी नेपाल में पड़ने की संभावना है, इसलिए हम नियमित निगरानी कर रहे हैं। यदि किसी विशेष क्षेत्र में बहुत ज्यादा बारिश होने की संभावना दिखी, तो रेड अलर्ट भी जारी किया जाएगा।
