
मेक्सिको सिटी : (Mexico City) मेक्सिको ने फीफा विश्व कप 2026 (FIFA World Cup 2026) के राउंड ऑफ-32 मुकाबले में बुधवार को इक्वाडोर को 2-0 से हराकर 40 वर्षों का इंतजार खत्म किया और अंतिम-16 में जगह बना ली। मेक्सिको की ओर से जूलियन क्विनोनेस और राउल जिमेनेज (Julian Quinones and Raul Jimenez) ने पहले हाफ में नौ मिनट के भीतर गोल कर टीम की जीत सुनिश्चित की। क्विनोनेस ने 22वें मिनट में गोल कर मेक्सिको को बढ़त दिलाई, जबकि जिमेनेज ने 31वें मिनट में दूसरा गोल दागकर टीम की स्थिति मजबूत कर दी।
यह मेक्सिको की विश्व कप नॉकआउट चरण में 1986 के बाद पहली जीत है। उस वर्ष मेक्सिको ने अपने घरेलू मैदान पर बुल्गारिया को हराकर अंतिम-16 पार किया था। इसके बाद टीम 1994, 1998, 2002, 2006, 2010, 2014 और 2018 विश्व कप में लगातार अंतिम-16 में हारकर बाहर हुई थी। वहीं 2022 कतर विश्व कप में टीम ग्रुप चरण से ही बाहर हो गई थी।
क्विनोनेस और जिमेनेज ने रचे नए रिकॉर्ड
टूर्नामेंट में क्विनोनेस का यह तीसरा गोल था। वह अब मेक्सिको के लिए विश्व कप इतिहास में संयुक्त रूप से दूसरे सबसे सफल गोल स्कोरर बन गए हैं। उनसे आगे केवल लुइस “माटाडोर” हर्नांडेज़ और जेवियर “चिचारितो” हर्नांडेज़ हैं, जिन्होंने चार-चार गोल किए थे।
वहीं राउल जिमेनेज (Raul Jimenez) ने राष्ट्रीय टीम के लिए अपना 47वां अंतरराष्ट्रीय गोल दागते हुए जारेड बोर्गेट्टी को पीछे छोड़ दिया। अब वह चिचारितो के सर्वाधिक 52 गोल के रिकॉर्ड से केवल पांच गोल दूर हैं।
अजेय रहा एज़्टेका स्टेडियम
प्रतिष्ठित एज़्टेका स्टेडियम (iconic Azteca Stadium) में मेक्सिको का विश्व कप रिकॉर्ड शानदार रहा है। यहां टीम ने अब तक खेले 10 विश्व कप मुकाबलों में कोई हार नहीं झेली है। आधिकारिक तौर पर मेक्सिको को इस मैदान पर केवल दो हार मिली हैं, जिनमें आखिरी हार 2013 में विश्व कप क्वालीफायर में होंडुरास के खिलाफ थी।
इस जीत के साथ मेक्सिको ने सभी प्रतियोगिताओं में अपनी लगातार 12वीं अपराजित मैचों की श्रृंखला भी कायम रखी।
इतिहास भी रचा
इस जीत के साथ मेक्सिको विश्व कप के नॉकआउट चरण में किसी दक्षिण अमेरिकी टीम (South American team) को हराने वाला पहला कॉनकाकाफ देश बन गया। इससे पहले दोनों महाद्वीपों की पांचों नॉकआउट भिड़ंत दक्षिण अमेरिकी टीमों ने जीती थीं।
अब मेक्सिको का सामना अंतिम-16 में इंग्लैंड और कांगो के बीच होने वाले मुकाबले के विजेता से होगा। मुकाबला निर्धारित समय से एक घंटे देरी से शुरू हुआ क्योंकि तेज आंधी-तूफान के कारण खेल को स्थगित करना पड़ा। यह विश्व कप 2026 का दूसरा मैच रहा, जो खराब मौसम से प्रभावित हुआ।
