
पहली बार ऑनलाइन प्रमाण पत्र जारी
वाराणसी : (Varanasi) उत्तर प्रदेश के वाराणसी में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार (Chief Medical Officer Dr. Mukesh Kumar) के दिशा निर्देशन पर गठित मेडिकल बोर्ड द्वारा आवेदकों का परीक्षण कर उनके आयु निर्धारण प्रमाण पत्र प्रकरणों का निस्तारण किया गया। आयु निर्धारण प्रमाण पत्र प्रक्रिया पहले ऑफलाइन थी, जिसे प्रथम बार आनलाइन प्रमाण पत्र के रूप क्रियान्वयन किया गया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ मुकेश ने बताया कि इस सेवा के जिला स्तरीय सक्षम प्राधिकारी उन्हें बनाया गया है। जनहित पोर्टल पर उपलब्ध दिशा-निर्देशों के अनुसार आयु प्रमाण-पत्र सेवा विशेष परिस्थितियों में नागरिकों को उपलब्ध कराई जाती है। यह सेवा न्यायालय, विभागाध्यक्ष अथवा अन्य सक्षम प्राधिकारी के निर्देश पर आयु निर्धारण हेतु उपयोग में लाई जाती है। मेडिकल बोर्ड (medical board) में आवेदकों का आवश्यक चिकित्सीय परीक्षण एवं अभिलेखों का परीक्षण कर नियमानुसार आयु निर्धारण की कार्यवाही संपन्न की जा रही है। मेडिकल बोर्ड द्वारा प्रस्तुत संस्तुति के आधार पर संबंधित आवेदनों का निस्तारण किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि जनहित पोर्टल के माध्यम से आयु निर्धारण की प्रक्रिया को पूर्णतः पारदर्शी, समयबद्ध एवं नागरिक हितैषी बनाया गया है। शासन की मंशा के अनुरूप सभी आवेदनों का गुणवत्तापूर्ण एवं निर्धारित समय-सीमा के भीतर निस्तारण सुनिश्चित किया जा रहा है।
