
तेहरान : (Tehran) अमेरिका ने लगातार दूसरी रात ईरान पर भीषण हमला किया है। इससे ईरान के कई शहरों में भारी नुकसान होने का दावा किया गया है। अमेरिकी हमले के बाद ईरान ने वाशिंगटन के सहयोगी देशों पर हवाई हमले कर सीधी चुनौती दी है। बहरीन और कुवैत में घंटों हमले की चेतावनी के सायरन बजते रहे। कतर पर भी मिसाइल और ड्रोन हमलों की खबर है। ईरान पर हुए हमले में कम से कम एक व्यक्ति की मौत हो गई। ईरान के सर्वोच्च नेता अली खामेनेई (Iran’s Supreme Leader, Ali Khamenei) को आज मशहद में सुपुर्द-ए-खाक किया जाना है। सारी दुनिया की नजर इस अंतिम संस्कार समारोह पर लगी हुई है।
अल जजीरा और सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, संघर्ष के केंद्र बिन्दु होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) के पास ईरानी शहर बुशहर, चाबहार, बंदर अब्बास, सिरिक, जास्क और अबू मूसा द्वीप में रातभर शक्तिशाली विस्फोट हुए हैं। अमेरिकी हमले में कम से कम एक व्यक्ति की मौत हो गई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का कहना है कि यह हमले होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले जहाजों पर ईरान के हमलों के बदले में किए गए हैं।
ईरान के दिवंगत सर्वोच्च नेता अली खामेनेई (Iran’s late Supreme Leader, Ali Khamenei) को आज उनके गृहनगर मशहद में दफनाया जाना है। इससे पहले इराक के शहर नजफ और कर्बला में उनके अंतिम संस्कार जुलूस में लाखों लोग शामिल हुए। तेहरान ने हमले में तबाह दिवंगत ईरानी नेता के परिसर के मलबे का फुटेज जारी किया है। अली खामेनेई 28 फरवरी को अमेरिका-इजराइल के एकीकृत सैन्य हमले में मारे गए थे। खामेनेई के अंतिम संस्कार की रस्मों का आज आखिरी दिन है। समूचा ईरान शोक में डूबा हुआ है। मशहद में ताबूत के सुपुर्द-ए-खाक होने के बाद ईरान में 40 दिन का शोक घोषित किया जाएगा।
कतर में लोगों से घरों के अंदर रहने, कांच की खिड़कियों से दूर रहने और अगला अलर्ट जारी होने तक बाहर न निकलने को कहा गया। इसके कुछ ही देर बाद एक और संदेश भेजा गया, जिसमें कहा गया कि खतरा टल गया है और लोग अपनी सामान्य दिनचर्या में लौट सकते हैं। कुवैत में स्थिति अलग रही। रक्षा मंत्रालय ने कुछ ड्रोन और मिसाइलों को रोके जाने की सूचना दी। लेकिन लक्ष्यों या किसी प्रभाव के बारे में कोई खास जानकारी नहीं दी। लोगों को सावधान रहने के लिए चेताया गया।
बहरीन में भी गृह मंत्रालय ने लोगों को इसी तरह का अलर्ट भेजा, लेकिन यह नहीं बताया कि ईरान ने हमला किया या नहीं। उधर, गल्फ इलाके के देशों ने संभावित जवाबी हमलों की तैयारी शुरू कर दी है। ईरान का कहना है कि वह अपने इलाके पर होने वाले हमलों के स्रोतों पर हमला कर रहा है। ईरानी संसद की राष्ट्रीय सुरक्षा समिति के प्रवक्ता इब्राहिम रेजाई (Ibrahim Rezaei, spokesman for the Iranian Parliament’s National Security Committee) का कहना है कि देश के सर्वोच्च नेता ने ईरानियों को अमेरिका से न डरना सिखाया है। उन्होंने एक्स पर कहा कि अमेरिका जोरदार तमाचे का इंतजार करे।
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप (US President Trump) ने एयर फोर्स वन में पत्रकारों से कहा कि अगर ईरान हमले करता है तो अमेरिकी सेना उससे 20 गुना ज्यादा जोरदार हमला करेगी। उन्होंने कहा कि ईरान की तबाही के दिन आ गए हैं। व्हाइट हाउस के लिए सबसे जरूरी यह सुनिश्चित करना है कि होर्मुज जलडमरूमध्य खुला रहे। अमेरिकी उप राष्ट्रपति जेडी वेंस (US Vice President JD Vance) ने मिल्वौकी में बुधवार को कहा कि ईरान ने एमओयू का उल्लंखन किया है। उसे इसकी कीमत चुकानी ही होगी। उन्होंने कहा कि अमेरिकी सैन्य जवाबी कार्रवाई जारी रहेगी।
