
नई दिल्ली : (New Delhi) महिला यात्रियों को बेहतर और सुरक्षित सार्वजनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के लिए दिल्ली सरकार ‘लेडीज स्पेशल’ (‘Ladies Special’) बस सेवा का विस्तार करने जा रही है। इसके तहत 50 नई बसों को बेड़े में शामिल किया जाएगा। इन बसों में अतिरिक्त सुरक्षा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
परिवहन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, दिल्ली परिवहन निगम (Delhi Transport Corporation) (डीटीसी) की 50 बसों में से 25 बसें छात्राओं के लिए चलाई जाएंगी। इन्हें यूनिवर्सिटी स्पेशल बसों‘ (University Special’) के रूप में संचालित किया जाएगा। वहीं, बाकी 25 बसें बाहरी दिल्ली के इलाकों में चलाने की योजना है।अधिकारियों ने बताया कि इन बसों के लिए कुछ रूट की पहचान कर ली गई है, जबकि अन्य संभावित रूटों का चयन किया जा रहा है। ‘लेडीज स्पेशल’ बसों में केवल महिला यात्री ही सफर कर सकेंगी। सरकार पहले से चल रही इस सेवा को और व्यवस्थित तरीके से विस्तार देने की तैयारी कर रही है।परिवहन विभाग रूट तय करने के लिए ‘सहेली पिंक कार्ड’ (‘Saheli Pink Card’) और पिंक टिकट से जुड़े आंकड़ों का अध्ययन कर रहा है। इसके आधार पर उन इलाकों की पहचान की जा रही है, जहां महिला यात्रियों के लिए ऐसी बसों की अधिक जरूरत है।
डीटीसी के बेड़े में 6,600 बसें
दिल्ली सरकार (Delhi government) ने 7 जुलाई को डीटीसी के बेड़े में 300 नई इलेक्ट्रिक बसों को शामिल किया था। इसके बाद दिल्ली परिवहन निगम के पास कुल बसों की संख्या बढ़कर 6,600 हो गई है। इनमें 4,845 इलेक्ट्रिक और 1,755 सीएनजी बसें शामिल हैं।सरकार का लक्ष्य वर्ष 2028-29 तक राजधानी की सड़कों पर करीब 14 हजार बसें संचालित करने का है।
1 अगस्त से पिंक सहेली कार्ड जरूरी
डीटीसी ने महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा योजना (free bus travel scheme for women) में बदलाव किया है। 1 अगस्त 2026 से मुफ्त यात्रा का लाभ लेने के लिए महिलाओं के पास ‘पिंक सहेली कार्ड’ होना अनिवार्य होगा।डीटीसी के नए सर्कुलर के अनुसार, मौजूदा कागजी पिंक टिकट व्यवस्था को चरणबद्ध तरीके से समाप्त किया जा रहा है। कागजी पिंक टिकट केवल 31 जुलाई 2026 तक ही जारी किए जाएंगे।1 अगस्त से डीटीसी और दिल्ली इंटीग्रेटेड मल्टी-मॉडल ट्रांजिट सिस्टम (Multi-Modal Transit System) (क्लस्टर) बसों में मुफ्त यात्रा के लिए महिलाओं को प्रवेश के समय पिंक सहेली कार्ड टैप करना होगा।
