
शिलॉन्ग : (Shillong) मेघालय की राजधानी शिलॉन्ग के लापालांग इलाके (Lapalang area of Shillong, the capital of Meghalaya) में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया। एक निजी निर्माण स्थल पर कुएं के अंदर दम घुटने से पांच लोगों की मौत हो गई। मृतकों में दो सगे भाई भी शामिल हैं, जो कुएं में फंसे मजदूरों को बचाने के लिए नीचे उतरे थे।
पूर्वी खासी हिल्स के पुलिस अधीक्षक (एसपी) विवेक सिएम (Vivek Syiem, Superintendent of Police (SP) for East Khasi Hills) ने बताया कि यह घटना शुक्रवार शाम करीब साढ़े सात बजे रिनजाह थाना क्षेत्र (Rynjah police station) के एक निजी निर्माण स्थल पर हुई।
पुलिस के अनुसार, कुएं से पानी निकालने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे जनरेटर से निकले धुएं के कारण कुएं के अंदर काम कर रहे चार मजदूरों का दम घुटने लगा। इनमें से एक मजदूर किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहा और उसने आसपास के लोगों से मदद मांगी।
मदद के लिए पहुंचे पड़ोस में रहने वाले दो सगे भाई मजदूरों को बचाने के लिए कुएं में उतरे, लेकिन अंदर जमा जहरीले धुएं की चपेट में आने से वे भी बेहोश हो गए और कुएं में फंस गए।
बाद में राज्य बचाव दल (state rescue team) ने अभियान चलाकर कुएं में फंसे तीन मजदूरों और दोनों भाइयों को बाहर निकाला। सभी को इलाज के लिए नॉर्थ ईस्टर्न इंदिरा गांधी रीजनल इंस्टीट्यूट ऑफ हेल्थ एंड मेडिकल साइंसेज (NEIGRIHMS) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने सभी पांचों को मृत घोषित कर दिया।
एसपी विवेक सिएम ने बताया कि इस मामले में रिनजाह पुलिस थाने में केस दर्ज कर लिया गया है। मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
