
मुंबई : (Mumbai) अभिनेता सलमान खान (Actor Salman Khan) ने हाल ही में अपनी सेहत को लेकर उठ रही अटकलों पर सोशल मीडिया के जरिए प्रतिक्रिया दी है। मुंबई में स्लम रिहैबिलिटेशन अथॉरिटी (Slum Rehabilitation Authority) (SRA) के एक कार्यक्रम में उनकी बदली हुई तस्वीरें और वीडियो सामने आने के बाद फैंस उनकी तबीयत को लेकर चिंता जता रहे थे। अब सलमान ने इंस्टाग्राम पर नई तस्वीरें शेयर कर अपने अंदाज में इन चर्चाओं का जवाब दिया है।
सलमान ने अपने फार्महाउस पर खिंचवाई गई कुछ तस्वीरें साझा की हैं, जिनमें वह काले और सफेद परिधान, काउबॉय हैट और बेरेट कैप में नजर आ रहे हैं। तस्वीरों के साथ उन्होंने लिखा, “आप लोगों की तबीयत कैसी है?” अभिनेता का यह कैप्शन सोशल मीडिया पर खूब चर्चा में है और कई लोग इसे उनकी सेहत को लेकर फैल रही अटकलों पर तंज के तौर पर देख रहे हैं।
हाल ही में वायरल हुए एक वीडियो के बाद सोशल मीडिया पर सलमान की तबीयत को लेकर कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई थीं। कुछ लोगों ने अनुमान लगाया था कि वह फिर से ट्राइजेमिनल न्यूराल्जिया (trigeminal neuralgia) जैसी समस्या से जूझ रहे हैं, हालांकि अभिनेता या उनकी टीम की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। काम की बात करें तो सलमान इन दिनों निर्देशक ए.आर. मुरुगदॉस की फिल्म ‘एसवीसी63’ (SVC63) की शूटिंग में व्यस्त हैं, जिसमें उनके साथ नयनतारा नजर आएंगी। इसके अलावा उनकी फिल्म ‘मातृभूमि’ भी चर्चा में बनी हुई है।
