
पेपर लीक जैसी घटनाओं को रोकने के लिए लाया जाएगा बिल
फतेहपुर : (Fatehpur) मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Chief Minister Yogi Adityanath) ने शनिवार को फतेहपुर के मदारीपुर कला में आयोजित जनसभा में कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं (state government)के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर नहीं छोड़ेगी। उन्होंने कहा कि नीट परीक्षा जैसी गड़बड़ियों के दोषियों की संपत्तियां जब्त की जाएंगी और पेपर लीक जैसी घटनाओं पर रोक के लिए संसद में भी कानून लाया जाएगा।
विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले फतेहपुर आकांक्षी जिलों में शामिल था, लेकिन पिछले नौ वर्षों में जिले ने रोजगार, स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने दावा किया कि अब फतेहपुर विकास की नई राह पर तेजी से आगे बढ़ रहा है।
सपा ने दिया नकल माफियाओं को संरक्षण
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार ने मेडिकल कॉलेज, सड़क, पुल, बिजली, अस्पताल, कंपोजिट विद्यालय और अन्य विकास परियोजनाओं के जरिए सुविधाएं गांव-गांव तक पहुंचाई हैं। उन्होंने कहा कि पहले विकास कुछ क्षेत्रों तक सीमित था।
मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उनके शासनकाल में भर्ती प्रक्रियाओं में भ्रष्टाचार और नकल माफिया (‘cheating mafia’) को संरक्षण मिला। उन्होंने कहा कि अब पारदर्शी भर्ती व्यवस्था लागू है और युवाओं को निष्पक्ष तरीके से नियुक्ति पत्र दिए जा रहे हैं।
यूपी में माफियाओं-अपराधियों की कोई जगह नहीं
कानून-व्यवस्था का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में माफिया और अपराधियों के लिए कोई स्थान नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जे हटाए जा रहे हैं और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि डिजिटल इंडिया और नई शिक्षा नीति ने युवाओं को नई पहचान और अवसर दिए हैं। उन्होंने जनता से विकास की गति बनाए रखने के लिए भाजपा को और मजबूत जनादेश देने की अपील भी की।
