
मुंबई : (Mumbai) महाराष्ट्र के नासिक और पालघर जिलों (Maharashtra’s Nashik and Palghar districts) में शनिवार सुबह भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए, जिससे लोगों में दहशत फैल गई। हालांकि, अब तक किसी तरह के जान-माल के नुकसान की कोई सूचना नहीं है। जिला प्रशासन (district administration) ने नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने और सतर्क रहने की अपील की है।
नासिक में चार बार महसूस हुए झटके
नासिक जिला प्रशासन (Nashik district administration) के अनुसार, सुरगाणा तहसील के बोरगांव और आसपास के क्षेत्रों में सुबह 9:55 बजे से भूकंप के चार हल्के झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर इनकी तीव्रता 3.6 दर्ज की गई। लगातार आए झटकों के बाद लोग एहतियातन अपने घरों से बाहर निकल आए। प्रशासन ने बताया कि भूकंप की तीव्रता कम होने के कारण किसी प्रकार के नुकसान की सूचना नहीं मिली है। नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी (National Center for Seismology) के अनुसार, भूकंप का केंद्र नासिक शहर से लगभग 44 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम दिशा में स्थित था।
पालघर के दहानू क्षेत्र में भी कांपी धरती
उधर, पालघर जिले में भी सुबह करीब 10:57 बजे भूकंप का झटका महसूस किया गया। इसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.1 दर्ज की गई। भूकंप का केंद्र दहानू तालुका के धुंदलवाड़ी-कासा क्षेत्र में था। जानकारी के अनुसार, भूकंप का केंद्र मुंबई से लगभग 93 किलोमीटर उत्तर दिशा में और जमीन से करीब 9 किलोमीटर की गहराई पर स्थित था। झटके महसूस होते ही कई लोग घरों से बाहर निकल आए, जिससे कुछ समय के लिए इलाके में भय का माहौल बन गया। नासिक और पालघर जिला प्रशासन (Nashik and Palghar district administrations) ने बताया कि संबंधित टीमें प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर रही हैं। फिलहाल किसी प्रकार के नुकसान की सूचना नहीं है। प्रशासन ने नागरिकों से शांति बनाए रखने, अफवाहों से बचने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की है।
