
मुंबई : (Mumbai) मुंबई के प्रतिष्ठित डब्बावालों की वर्षों से लंबित मांगों को लेकर बृहन्मुंबई महानगरपालिका (Brihanmumbai Municipal Corporation) ने सकारात्मक पहल की है। मुंबई की महापौर रितू तावड़े (Mumbai Mayor Ritu Tawde) ने डबेवाला संघ के प्रतिनिधिमंडल के साथ हुई बैठक में आश्वासन दिया कि उनकी सभी न्यायोचित मांगों को नियमानुसार पूरा करने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। साथ ही उन्होंने घोषणा की कि पंजीकृत डब्बावालों को चिकित्सा उपचार के लिए महापौर चिकित्सा सहायता निधि से तत्काल ₹25 हजार की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।
महापौर कक्ष में आयोजित बैठक में मुंबई डबेवाला संघ (मुंबई टिफिन बॉक्स सप्लायर्स एसोसिएशन) के प्रतिनिधिमंडल (mumbai Dabbawala Association) ने अपनी विभिन्न मांगों का ज्ञापन सौंपा। महापौर ने कहा कि डब्बावाले केवल भोजन पहुंचाने की सेवा नहीं देते, बल्कि वे मुंबई की श्रम संस्कृति, समयपालन और अनुशासन के प्रतीक हैं। उनकी कार्यप्रणाली दुनिया भर के प्रबंधन संस्थानों के लिए अध्ययन और प्रेरणा का विषय रही है। ऐसे में उनकी समस्याओं का समाधान करना महानगरपालिका की सामाजिक जिम्मेदारी है।
डबेवाला भवन, साइकिल पार्किंग और पर्यटन केंद्र की मांग
संघ ने ज्ञापन में बांद्रा (पश्चिम) स्थित डबेवाला भवन (मुंबई डबेवाला अंतरराष्ट्रीय अनुभव केंद्र) (‘Dabbawala Bhavan’) को निःशुल्क उपलब्ध कराने, अब तक का किराया माफ करने, भवन के पास की सड़क का नाम संस्थापक स्वर्गीय महादू हावजी बच्चे के नाम पर रखने, प्रमुख रेलवे स्टेशनों के पास सुरक्षित साइकिल पार्किंग उपलब्ध कराने तथा महानगरपालिका अस्पतालों में पंजीकृत डब्बावालों को चिकित्सा सुविधा देने की मांग रखी। इसके अलावा चर्चगेट रेलवे स्टेशन के सामने स्थित ऐतिहासिक डब्बा विनिमय स्थल को ‘मुंबई डबेवाला पर्यटन केंद्र’ (Mumbai Dabbawala Tourism Center) के रूप में विकसित करने का भी प्रस्ताव रखा गया।
130 वर्षों की परंपरा को संरक्षित करने की जरूरत
बैठक में विधायक श्रीकांत भारतीय (MLA Shrikant Bharatiya) ने कहा कि लगभग 130 वर्षों से कार्यरत मुंबई के डब्बावालों ने अपनी विश्वसनीयता और सेवा से वैश्विक पहचान बनाई है। वारकरी परंपरा से जुड़े इस संगठन ने मुंबई की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि इस गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाने और नई पीढ़ी को सशक्त बनाने के लिए महानगरपालिका का सहयोग आवश्यक है।
महापौर रितू तावड़े ने स्पष्ट किया कि संघ द्वारा प्रस्तुत सभी मांगों पर महानगरपालिका की निर्धारित प्रक्रिया के तहत विचार किया जाएगा और उनका समाधान सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने दोहराया कि चिकित्सा सहायता निधि से पंजीकृत डब्बावालों को ₹25 हजार की आर्थिक सहायता तत्काल उपलब्ध कराई जाएगी।
