
हमीम मंडल ने की थी कई बार रेकी
कोलकाता : (Kolkata) आतंकवादी संबंधित गतिविधियों से जुडे होने के आरोप में गिरफ्तार हमीम मंडल (Hamim Mandal) को लेकर जांच एजेंसियों के हाथ महत्वपूर्ण नई जानकारी लगी है। प्रारंभिक जांच में पता चला था कि मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी (Chief Minister Suvendu Adhikari) समेत राज्य के कई मंत्रियों की गतिविधियों पर नजर रखने की जिम्मेदारी उसी के पास थी। इसी सिलसिले में उसने कई बार मुख्यमंत्री के चिनार पार्क स्थित आवास के आसपास जाकर रेकी की थी।
एसटीएफ सूत्रों के अनुसार, मोबाइल टावर लोकेशन की जांच के बाद अधिकारियों ने हमीम की पिछली गतिविधियों की पुष्टि की। जांच में सामने आया कि वह कई बार मुख्यमंत्री के घर के सामने और आसपास गया था। शुरुआत में हमीम ने इन आरोपों से इनकार किया, लेकिन पूछताछ के दौरान उसने स्वीकार किया कि उसने कई बार मुख्यमंत्री के चिनार पार्क (Chinar Park) स्थित आवास और उनके आवागमन के मार्गों की रेकी की थी।
इस मामले में हमीम के अलावा उसकी कथित मित्र अर्पिता सरकार और आदित्य सिंह उर्फ राज (Arpita Sarkar and Aditya Singh alias Raj) को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का आरोप है कि इन लोगों के पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई तथा वहां के कुख्यात गैंगस्टर शहजाद भट्टी के गिरोह से नियमित संपर्क थे। जांच एजेंसियों का दावा है कि पश्चिम बंगाल में आतंकी और विध्वंसक गतिविधियों की साजिश रची जा रही थी, जिसमें मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी भी निशाने पर थे।
पुलिस के अनुसार, अर्पिता सरकार का इस्तेमाल कथित तौर पर “हनी ट्रैप” के रूप में किया जाता था। आरोप है कि वह नेताओं, मंत्रियों और अधिकारियों को प्रेमजाल में फंसाकर उनसे महत्वपूर्ण और संवेदनशील जानकारियां हासिल करती थी।
इन खुलासों के बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी (Chief Minister Suvendu Adhikari) की सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई है कि हत्या और अन्य नाशक गतिविधियों के जरिए राज्य में बड़े स्तर पर अस्थिरता फैलाने की योजना बनाई गई थी। जांच एजेंसियों को यह भी संदेह है कि शहजाद भट्टी का गिरोह हमीम के अलावा पश्चिम बंगाल में एक समानांतर नेटवर्क तैयार करने की कोशिश कर रहा था।
