
नई दिल्ली : (New Delhi) प्रवर्तन निदेशालय (Enforcement Directorate) (ED) ने बिहार के मुंगेर में कथित निवेश धोखाधड़ी और मनीलॉन्ड्रिंग मामले (money laundering case) में गुरुवार को पांच स्थानों पर छापेमारी की। जांच एजेंसी के अनुसार, जॉलीवुड म्यूजिक इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड (Jollywood Music Industries Private Limited) के जरिए लोगों को डिजिटल जॉब और निवेश की रकम दोगुनी करने का झांसा देकर करोड़ों रुपये की ठगी की गई।
ईडी ने बताया कि यह कार्रवाई धनशोधन निवारण अधिनियम (Prevention of Money Laundering Act) (PMLA) की धारा 17 के तहत की गई। कंपनी के संचालक जितेंद्र कुमार राजीव और उसके सहयोगियों पर निवेशकों से धोखाधड़ी का आरोप है। तलाशी अभियान मुंगेर जिले के पांच ठिकानों पर चलाया गया।
जांच एजेंसी के अनुसार, कंपनी लोगों को 2,56,500 रुपये निवेश करने पर हर महीने 15 हजार रुपये कमाने का दावा करती थी। इसके लिए निवेशकों को कंपनी की वेबसाइट पर हर महीने 4,800 ऑडियो और वीडियो देखने की शर्त रखी गई थी। साथ ही अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने पर अतिरिक्त बोनस, बाइक और कार देने का भी लालच दिया जाता था।
ईडी के मुताबिक, निवेश राशि जुटाने के बाद कंपनी के सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने जानबूझकर वेबसाइट की गति धीमी कर दी, जिससे निवेशक निर्धारित 4,800 ऑडियो-वीडियो नहीं देख सके। इसके कारण वे भुगतान पाने की शर्त पूरी नहीं कर पाए और उन्हें कोई लाभ नहीं मिला।
इस मामले में 18 नवंबर 2024 को मुंगेर थाना में भारतीय न्याय संहिता (Indian Penal Code) (BNS), 2023 की धाराओं 316(2), 318(4) और 3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस इस मामले में आरोपपत्र भी दाखिल कर चुकी है। ईडी अब धनशोधन के पहलू की जांच कर रही है।
