
गुजरात : (Gujarat) गुजरात सरकार (Gujarat government) ने दिव्यांगजनों के लिए एक महत्वपूर्ण डिजिटल पहल करते हुए राज्य में जारी सभी दिव्यांग बस पास को डिजिलॉकर से जोड़ दिया है। अब दिव्यांग यात्री यात्रा के दौरान अपने मोबाइल फोन में डिजिलॉकर पर उपलब्ध बस पास दिखाकर गुजरात राज्य सड़क परिवहन निगम (Gujarat State Road Transport Corporation) की बसों में मुफ्त यात्रा कर सकेंगे। इस पहल के लिए गुजरात सरकार को ‘नागरिक-केंद्रित डिजिटल शासन में उत्कृष्टता’ (‘Excellence in Citizen-Centric Digital Governance’) पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।
राज्य के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा अब तक 4.42 लाख से अधिक दिव्यांग बस पास जारी किए जा चुके हैं। इन सभी पास को डिजिलॉकर से जोड़ दिया गया है। इससे दिव्यांग यात्रियों को अब मूल कागजी पास अपने साथ रखने की आवश्यकता नहीं होगी। बस में यात्रा के दौरान वे बस परिचालक को अपने मोबाइल में डिजिलॉकर पर उपलब्ध पास दिखा सकेंगे।
