
नई दिल्ली : (New Delhi) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) (Enforcement Directorate) के भुवनेश्वर जोनल कार्यालय ने करोड़ों रुपये के चिट फंड घोटाले में ‘वेलफेयर बिल्डिंग्स एंड एस्टेट्स प्राइवेट लिमिटेड’ (‘Welfare Buildings and Estates Private Limited’) के ठिकानों पर रेड की है। जांच एजेंसी ने कंपनी और उसके निदेशकों से जुड़े 182 बैंक खातों को फ्रीज कर दिया है। इसके अलावा छह महंगी लग्जरी गाड़ियां जब्त की गई हैं। छापेमारी में 1.01 करोड़ रुपये की नकदी (भारतीय मुद्रा) के साथ-साथ कंपनी के निदेशकों से संबंधित कई अहम दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं। ईडी ने ‘वेलफेयर बिल्डिंग्स एंड एस्टेट्स प्राइवेट लिमिटेड’ और उसके निदेशकों, मल्ला विजया प्रसाद, वराह रामकृष्ण सत्य श्रीनिवास राव अल्ला एवं अन्य लोगों से जुड़ी विशाखापत्तनम व हैदराबाद स्थित पांच रिहायशी/व्यावसायिक जगहों पर तलाशी ली है। उक्त कंपनी के खिलाफ चिट फंड घोटाले में कई एफआईआर दर्ज की गई थीं। बाद में चार्जशीट भी दाखिल की गई। प्रवर्तन निदेशालय ने उन्हीं केसों और चार्जशीट के आधार पर इस मामले की जांच शुरू की।
