
प्रदेश सरकार ने ईंधन पर तीन बार बढ़ाया कर
सालभर में डीजल में छह रुपये की बढ़ोत्तरी
धर्मशाला : (Dharamshala) हिमाचल प्रदेश भाजपा के मुख्य प्रवक्ता और सुंदरनगर के विधायक राकेश जम्वाल (Himachal Pradesh BJP chief spokesperson and Sundernagar MLA Rakesh Jamwal) ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू (Chief Minister Sukhvinder Singh Sukhu) के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार पर पेट्रोल और डीजल पर भारी कर लगाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार ने ईंधन पर कर वसूली के मामले में पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकारों के रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ दिए हैं।
राकेश जम्वाल ने कहा कि जनवरी 2023 से अब तक प्रदेश सरकार ने तीन बार ईंधन पर कर बढ़ाया है। उनके अनुसार, एक वर्ष के दौरान डीजल पर कुल 6 रुपये प्रति लीटर का अतिरिक्त बोझ डाला गया, जिसका असर किसानों, बागवानों, ट्रांसपोर्टरों और रोजाना यात्रा करने वाले लोगों पर पड़ा।
भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि अगस्त 2026 में सरकार ने वैट कानून में संशोधन कर पेट्रोल और डीजल पर ‘अनाथ एवं विधवा सेस’ के नाम पर नया कर लगाया है। उन्होंने इसे आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बताया।
नए कर थोपकर महंगाई बढ़ा रही सरकार
जम्वाल ने कहा कि सत्ता में आने से पहले कांग्रेस ने जनता से कई गारंटियां और व्यवस्था परिवर्तन के वादे किए थे, लेकिन सरकार नए कर लगाकर लोगों पर बोझ बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि ईंधन पर कर बढ़ने से महंगाई का असर भी व्यापक रूप से पड़ता है।
भाजपा विधायक ने कांग्रेस सरकार को जनविरोधी बताते हुए कहा कि प्रदेश की जनता सरकार की नीतियों का जवाब देगी। उन्होंने सुक्खू सरकार (Sukhu government) से आम लोगों पर बढ़ते करों का बोझ कम करने की मांग की।
अनाथ-विधवा सेस के बहाने खुली लूट
प्रदेश सरकार द्वारा पेट्रोल और डीजल पर लागू किए गए तथाकथित अनाथ व विधवा सेस पर हमला बोलते हुए भाजपा प्रदेश प्रवक्ता संजय शर्मा (BJP state spokesperson Sanjay Sharma) ने कहा कि यह सरकार जनकल्याण के नाम पर प्रदेश की आम जनता की जेब पर डाका डाल रही है। अनाथ और विधवा सेस के नाम पर नए-नए कर लगाकर प्रदेश सरकार असल में हिमाचल की जनता को ही आर्थिक रूप से अनाथ बनाने पर तुली है।
