
लखनऊ : (Lucknow) उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव (Uttar Pradesh Assembly elections) से पहले महिला मतदाताओं को लेकर सियासी मुकाबला तेज होता दिख रहा है। भाजपा की ओर से महिलाओं को आर्थिक सहायता देने की संभावित योजना की चर्चाओं के बीच समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव (Samajwadi Party National President Akhilesh Yadav) ने बड़ा दांव खेलते हुए कहा है कि सपा सरकार बनने पर महिलाओं को 40 हजार रुपये से आर्थिक सहायता की शुरुआत की जाएगी और इस राशि में हर साल बढ़ोतरी होगी।
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि उसके पास चुनाव जीतने के लिए पैसे के अलावा कोई मुद्दा नहीं बचा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने जिन राज्यों में महिलाओं को आर्थिक सहायता देने की घोषणा की, वहां वादों को पूरा करने को लेकर सवाल खड़े हुए हैं।
पांच लाख दे सकती थी सरकार
सपा प्रमुख ने दावा किया कि भाजपा सरकार पिछले 10 वर्षों में उत्तर प्रदेश की महिलाओं को हर वर्ष 50 हजार रुपये के हिसाब से कुल पांच लाख रुपये दे सकती थी। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अब चुनाव के करीब 20 हजार रुपये की पहली किस्त देने की बात कर रही है।
हर साल की जाएगी बढ़ोत्तरी
अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने कहा कि यदि भाजपा की प्रस्तावित सहायता योजना लागू होती है तो भी महिलाओं के अधिकारों और बकाया राशि को लेकर सवाल बने रहेंगे। उन्होंने कहा कि सपा महिलाओं के लिए 40 हजार रुपये की आर्थिक सहायता से शुरुआत करेगी और आगे इस राशि में प्रतिवर्ष वृद्धि की जाएगी।
प्रस्तावित योजना की घोषणा का इंतजार
उधर, भाजपा की ओर से महिलाओं के लिए प्रस्तावित आर्थिक सहायता योजना को लेकर अभी सरकार की आधिकारिक घोषणा का इंतजार है। योजना में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, बीपीएल और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की महिलाओं को शामिल करने पर विचार किए जाने की चर्चा है।
हालांकि, योजना का अंतिम स्वरूप, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया, लाभार्थियों की संख्या और बजट को लेकर सरकार की ओर से अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। ऐसे में महिलाओं को मिलने वाली सहायता राशि और योजना लागू होने की समयसीमा पर अंतिम निर्णय का इंतजार है।
