
कोलकाता : (Kolkata) कोलकाता हवाई अड्डे (Kolkata Airport) के बाहर मंगलवार को अपने वाहन को घेरकर नारेबाजी और विरोध प्रदर्शन किए जाने के मामले में तृणमूल कांग्रेस के सांसद सौगत राय ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला (Lok Sabha Speaker Om Birla) को पत्र लिखा है। पत्र में उन्होंने भाजपा के दो विधायकों अरिजीत बक्सी और सौरभ शिकदार (Arijit Bakshi and Sourav Shikdar) को घटना के लिए जिम्मेदार ठहराया है।
दरअसल, सौगत राय मंगलवार को कोलकाता हवाई अड्डे की सलाहकार समिति (Kolkata Airport Advisory Committee) की बैठक में शामिल होने के लिए एयरपोर्ट निदेशक के कार्यालय पहुंचे थे। बैठक समाप्त होने के बाद जैसे ही वह अपने वाहन में बैठे, प्रदर्शनकारियों ने वाहन को घेर लिया और ‘चोर-चोर’ के नारे लगाते हुए काले झंडे दिखाए। आरोप है कि कुछ प्रदर्शनकारियों ने जूते से वाहन के बोनट पर भी प्रहार किया।
पुलिस और सुरक्षाकर्मियों ने प्रदर्शनकारियों के बीच से किसी तरह सौगत राय के वाहन को बाहर निकाला। घटना के बाद सांसद ने लोकसभा अध्यक्ष को पत्र लिखकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी और कार्रवाई की मांग की।
सौगत राय ने बुधवार को मीडिया से बातचीत में कहा कि उन्होंने मंगलवार की घटना की पूरी जानकारी लोकसभा अध्यक्ष को दी है। उन्होंने कहा कि वह एक जनप्रतिनिधि हैं और घटना में भाजपा के दो जनप्रतिनिधियों की संलिप्तता है। सांसद के अनुसार, उन्होंने अपने पत्र में भाजपा विधायक अरिजीत बक्सी और सौरभ शिकदार के नाम भी दर्ज किए हैं।
उल्लेखनीय है कि विधानसभा चुनाव के परिणाम चार मई को घोषित होने के बाद सौगत राय के खिलाफ इस तरह के विरोध का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले दमदम में भी उनके वाहन को घेरकर प्रदर्शन किया गया था। उस दौरान प्रदर्शनकारियों ने कथित तौर पर ‘बूढ़ा चोर’ (“old thief”) के नारे लगाए थे और उनके वाहन पर अंडे फेंके थे।
